Thursday, November 12, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsवारासिवनी पुलिस ने 72 घंटे में सुलझाई अंधी हत्या की गुत्थी, ससुर...

वारासिवनी पुलिस ने 72 घंटे में सुलझाई अंधी हत्या की गुत्थी, ससुर और उसके साथी गिरफ्तार

बालाघाट/वारासिवनी: वारासिवनी पुलिस ने ग्राम कोपे और डोंगरिया के बीच जंगल में मिले युवक के शव के मामले का मात्र 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की हत्या उसके ससुर ने अपने साथी के साथ मिलकर गमछे से गला घोंटकर की थी। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे शराब की लत, घरेलू विवाद और पारिवारिक तनाव प्रमुख कारण पाए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 14 जुलाई 2026 को ग्राम कोपे से डोंगरिया के मध्य पुराने पट टेकरा जंगल में डोंगरिया निवासी राजेन्द्र शरणागत (40 वर्ष) का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही थाना वारासिवनी पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक तथा फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों से यह स्पष्ट हुआ कि 13-14 जुलाई की दरमियानी रात राजेन्द्र शरणागत की गला घोंटकर हत्या की गई थी। इसके बाद थाना वारासिवनी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना तेज कर दी गई।

वैज्ञानिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक साक्ष्यों, फोरेंसिक रिपोर्ट, तकनीकी जानकारी और मृतक के परिजनों व परिचितों से गहन पूछताछ की। जांच के दौरान मृतक के ससुर राजेश चौहान उर्फ बाबा (62 वर्ष) और उसके साथी प्रभुदयाल बिसेन (44 वर्ष) पर संदेह गहराया। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

शराब की लत और घरेलू विवाद बना हत्या का कारण

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक राजेन्द्र शरणागत शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में अक्सर अपनी पत्नी एवं परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करता था। शराब की लत के चलते वह अपनी कृषि भूमि भी बेच चुका था, जिससे परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान था। मृतक की पत्नी अपने साथ होने वाली प्रताड़ना की जानकारी अपने पिता राजेश चौहान को देती थी, जिससे वह लंबे समय से तनाव में था।

घटना वाले दिन 13 जुलाई को प्रभुदयाल बिसेन मृतक को शराब पिलाने के बहाने एक ढाबे पर ले गया। वहां शराब पीने के बाद वह उसे कोपे और डोंगरिया के बीच जंगल में ले गया, जहां पहले से राजेश चौहान मौजूद था। तीनों ने फिर शराब पी। इसी दौरान पैसों के लेन-देन और पत्नी के साथ मारपीट को लेकर मृतक और उसके ससुर के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने गमछे से मृतक का गला कसकर उसकी हत्या कर दी।

हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गमछा, दो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

राजेश चौहान उर्फ बाबा (62 वर्ष) निवासी जैरामटोला (मंगेझरी), थाना वारासिवनी।
प्रभुदयाल बिसेन (44 वर्ष) निवासी बीड़ी कॉलोनी, अमृतनगर, वारासिवनी।

वारासिवनी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से महज 72 घंटे में अंधी हत्या की गुत्थी सुलझ गई। पुलिस ने वैज्ञानिक जांच, तकनीकी साक्ष्यों और सुनियोजित विवेचना के आधार पर मामले का सफल खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन