एक बार फिर गरमाई बंगाल की राजनीति: दूसरे चरण के मतदान से पहले रोड शो के दौरान झड़प

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग से पहले सियासी माहौल बेहद गरम हो चुका है। कोलकाता और आसपास के इलाकों में चुनावी हलचल तेज है, जहां एक तरफ सुरक्षाबलों का फ्लैग मार्च जारी है, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक दलों के बीच टकराव की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।

BJP-TMC समर्थकों के बीच टकराव

बता दें रविवार को हावड़ा में भाजपा सांसद रवि किशन ने पार्टी उम्मीदवार उमेश राय के समर्थन में एक बड़ा रोड शो निकाला। इसी दौरान TMC समर्थक रोड शो के बीच घुस आए, जिससे माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। जिसके बाद दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच तीखी बहस और नोकझोंक हुई।स्थिति बिगड़ती देख रवि किशन ने खुद आगे आकर भीड़ को शांत किया। उन्होंने माइक से अपील की: ‘कोई लड़ाई नहीं करेगा, सभी लोग आगे बढ़ें’। समय रहते हालात काबू में आ गए और कोई बड़ी हिंसा नहीं हुई।

कोलकाता में सेकेंड फेज की वोटिंग (29 अप्रैल) से पहले सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। शहर के संवेदनशील इलाकों में केंद्रीय बलों और पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च भी निकाला गया। साथ ही मतदान केंद्रों के आसपास कड़ी निगरानी और संभावित गड़बड़ी वाले इलाकों की विशेष मॉनिटरिंग की जा रही है। वोटिंग को लेकर प्रशासन का मकसद साफ है- शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना।

मोदी का मेगा चुनावी अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बंगाल में चुनावी मोर्चा संभालते नजर आएंगे। उनका दिनभर का शेड्यूल काफी व्यस्त है:

  • बनगांव और आरामबाग में जनसभाएं
  • शाम 5:30 बजे कोलकाता में भव्य रोड शो
  • मतुआ समुदाय से जुड़े पवित्र मंदिर का दौरा

यह मंदिर हरि चंद ठाकुर और गुरु चंद ठाकुर से जुड़ा है, जो मतुआ संप्रदाय के प्रमुख संस्थापक माने जाते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में TMC सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा ‘दीदी के राज में मां-माटी-मानुष का सम्मान खत्म हो गया है। बंगाल के लोगों को पलायन के लिए मजबूर किया गया। राज्य में जंगलराज जैसी स्थिति बन गई है। 24 परगना और हुगली के बीच का इलाका, जो कभी इंडस्ट्रियल हब था, अब फैक्ट्रियों के बंद होने से प्रभावित है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *