उज्जैन: इंदौर के एक निजी अस्पताल में इलाज के बाद उज्जैन वापस लौटी एक महिला की बुधवार को घर पर मौत हो गई। महिला की जांच रिपोर्ट में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई थी। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने अब तक महिला की मौत को आधिकारिक तौर पर स्वाइन फ्लू से जोड़ने की पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार, उज्जैन के ऋषि नगर निवासी महिला को सर्दी-खांसी, जुकाम और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद पहले उज्जैन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब छह दिन तक इलाज के बाद भी हालत में सुधार नहीं हुआ तो परिजन उसे इंदौर के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।
करीब दो सप्ताह तक चला इलाज
इंदौर में महिला का करीब दो सप्ताह तक इलाज चला। हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर परिजनों ने अस्पताल से लामा करवाकर उसे वापस उज्जैन ले जाने का फैसला किया। घर पहुंचने के बाद बुधवार को महिला की मौत हो गई।
इलाज के दौरान डॉक्टरों को स्वाइन फ्लू संक्रमण की आशंका हुई थी। इसके बाद महिला के नाक और गले के सैंपल जांच के लिए भेजे गए, जिनमें H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई।
25 जुलाई के बाद बिगड़ी थी तबीयत
परिजनों के अनुसार, महिला को 25 जुलाई के बाद सर्दी-खांसी और जुकाम की शिकायत शुरू हुई थी। इलाज के बावजूद उसकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ। डॉक्टरों ने महिला की ट्रैवल हिस्ट्री की भी जानकारी ली थी। परिजनों का कहना है कि महिला ज्यादातर समय घर पर ही रहती थी और कभी-कभार ही पार्क जाती थी।
स्वास्थ्य विभाग ने नहीं की स्वाइन फ्लू से मौत की पुष्टि
हालांकि, महिला की रिपोर्ट में H1N1 संक्रमण की पुष्टि होने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि उसकी मौत स्वाइन फ्लू के कारण ही हुई है।
मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव हासानी के अनुसार, बुधवार को किसी भी अस्पताल की ओर से स्वास्थ्य विभाग को स्वाइन फ्लू संक्रमित मरीज की जानकारी नहीं दी गई थी। ऐसे में महिला की मौत के कारणों को लेकर स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

