Sunday, November 15, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsफर्जी वकील बनकर वायरल हुआ युवक, कमरे में कोर्ट का सेटअप बनाकर...

फर्जी वकील बनकर वायरल हुआ युवक, कमरे में कोर्ट का सेटअप बनाकर शूट करता था वीडियो

जबलपुर: मध्यप्रदेश में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक रिवॉल्विंग चेयर पर बैठकर सामने बड़ी स्क्रीन के जरिए फर्राटेदार हिंदी और अंग्रेजी में कानूनी दलीलें देता नजर आता है। युवक खुद को हाईकोर्ट का वकील बताता था। वीडियो देखकर पहली नजर में ऐसा लगता है कि वह हाईकोर्ट की ऑनलाइन सुनवाई में अपने क्लाइंट का पक्ष रख रहा है।

लेकिन मध्यप्रदेश में वायरल हुए इस वीडियो की हकीकत कुछ और ही निकली। जांच में सामने आया कि युवक न तो वकील था और न ही किसी अदालत में सुनवाई कर रहा था। उसने सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज बटोरने के लिए अपने कमरे में ही फर्जी कोर्ट का सेटअप तैयार किया और वीडियो शूट कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

ये भी पढ़े  भोपाल में टैक्सी हड़ताल से यात्री हुए परेशान

हाईकोर्ट के निर्देश पर शुरू हुई जांच

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने मामले का संज्ञान लिया और जबलपुर पुलिस को जांच के निर्देश दिए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने जीरो पर FIR दर्ज कर वीडियो में नजर आ रहे युवक की पहचान शुरू की।

जांच में युवक की पहचान सिंगरौली के बैढ़न निवासी अमित तिवारी के रूप में हुई। इसके बाद मामले की डायरी सिंगरौली पुलिस को भेजी गई। बैढ़न पुलिस ने अमित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

कमरे में तैयार किया था पूरा फर्जी कोर्ट

पुलिस जांच के मुताबिक अमित ने अपने कमरे में कानून की किताबें, लैपटॉप और इंटरनेट डिवाइस रखकर ऐसा माहौल तैयार किया था, जिससे वीडियो देखने वालों को लगे कि वह हाईकोर्ट की ऑनलाइन सुनवाई में शामिल होकर बहस कर रहा है।

वीडियो में वह कभी अंग्रेजी तो कभी हिंदी में कानूनी दलीलें देता दिखाई देता है। पुलिस के अनुसार, इन वीडियो को वह अपने दोस्तों से रिकॉर्ड करवाता था। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड किया जाता था।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो तैयार करने और वायरल करने में अमित के साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे।

खुद को हाईकोर्ट का वकील बताता था

बताया जा रहा है कि, अमित ने पढ़ाई के दौरान कोर्ट में वकीलों को बहस करते देखा था। यहीं से उसे इस तरह के वीडियो बनाने का आइडिया आया। वह LLB की पढ़ाई भी कर रहा था, लेकिन उसकी पढ़ाई पूरी नहीं हुई। इसके बावजूद वह दोस्तों और गांव के लोगों के सामने खुद को हाईकोर्ट में बहस करने वाला वकील बताने लगा। उसके सोशल मीडिया वीडियो देखकर कई लोग उसे सच में वकील समझने लगे थे।

7 जुलाई 2026 को बनाए गए एक वीडियो के दौरान गांव का एक बुजुर्ग अपनी बेटी से जुड़े घरेलू विवाद को लेकर अमित के पास पहुंचा था। अमित को हाईकोर्ट में बहस करते देखकर बुजुर्ग ने अपनी बेटी के मामले में याचिका दायर कराने की बात भी कही थी।

AI की मदद से तैयार करता था कंटेंट

पुलिस के मुताबिक अमित सोशल मीडिया के लिए स्क्रिप्ट और पोस्ट तैयार करने में AI की मदद लेता था। इसके बदले उसे मेहनताना भी मिलता था।

जांच में यह भी सामने आया कि सितंबर 2025 में एक आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में उत्तर प्रदेश के शक्तिनगर थाने में उसके खिलाफ केस दर्ज हुआ था। पुलिस ने उसे सिंगरौली से गिरफ्तार किया था। बाद में उसे जमानत मिल गई थी।

लैपटॉप और अन्य डिवाइस जब्त

अमित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके घर से लैपटॉप, सिस्टम और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए हैं। इन उपकरणों को जांच के लिए लैब भेजा गया है। पुलिस इनकी मदद से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फर्जी कोर्ट के वीडियो कब-कब बनाए गए और उन्हें सोशल मीडिया पर किस तरह प्रसारित किया गया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच के साथ वीडियो बनाने में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी तलाश रही है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन