बालाघाट। मध्य प्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला कबड्डी संघ बालाघाट के संयुक्त तत्वावधान में प्रथम बार जोन स्तरीय खेलो एमपी यूथ गेम्स कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन 20 जनवरी को मुलना स्टेडियम, बालाघाट में किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन जिला खेल अधिकारी राहुल बारेसा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस जोन स्तरीय प्रतियोगिता में तीन जिलों बैतूल, बालाघाट एवं छिंदवाड़ा की बालक एवं बालिका वर्ग की टीमों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता में बालक वर्ग में बालाघाट जिला प्रथम, छिंदवाड़ा द्वितीय तथा बैतूल तृतीय स्थान पर रहा। वहीं बालिका वर्ग में छिंदवाड़ा ने प्रथम, बालाघाट ने द्वितीय एवं बैतूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। खेलो एमपी जोन कबड्डी प्रतियोगिता का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री श्री रामकिशोर (नानो) कावरे रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य श्रीमती मौसम बिसेन, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत सिंह ठाकुर तथा जिला कबड्डी संघ के महासचिव श्री रमेश दीक्षित उपस्थित रहे।
समस्त अतिथियों द्वारा विजेता एवं सहभागी खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा आगामी राज्य स्तरीय खेलो एमपी कबड्डी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया गया। अतिथियों ने बालाघाट जोन के खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उक्त आयोजन को सफल बनाने में जिला कबड्डी संघ के सचिव, पदाधिकारी, ऑफिशियल्स, जिला खेल प्रशिक्षक, ब्लॉक युवा समन्वयक, खेल शिक्षक एवं खेल विभाग के कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
प्रथम बार जोन स्तरीय खेलो एमपी कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन, बालाघाट बना खेल केंद्र


