Monday, November 16, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsMP की महिला पुलिसकर्मी ने रचा इतिहास: 18,510 फीट ऊंचे माउंट एल्ब्रस...

MP की महिला पुलिसकर्मी ने रचा इतिहास: 18,510 फीट ऊंचे माउंट एल्ब्रस पर फहराया तिरंगा

जबलपुर: मध्य प्रदेश पुलिस की महिला आरक्षक वर्षा पटेल ने यूरोप की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एल्ब्रस पर तिरंगा फहराकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। जबलपुर पुलिस में पदस्थ वर्षा ने 21 अगस्त की सुबह 9:07 बजे 18,510 फीट यानी 5,642 मीटर की ऊंचाई पर पहुंचकर भारतीय ध्वज के साथ मध्य प्रदेश पुलिस का झंडा भी फहराया। कठिन मौसम और बर्फीली हवाओं के बीच उनकी यह उपलब्धि उनके पर्वतारोहण अभियान की बड़ी सफलता मानी जा रही है।

वर्षा जबलपुर के गढ़ा क्षेत्र में रहती हैं और बचपन से ही खेलों में उनकी रुचि रही है। वह राष्ट्रीय स्तर पर बेसबॉल खेल चुकी हैं और विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 10 से अधिक पदक जीत चुकी हैं। पुलिस सेवा में आने के बाद भी उन्होंने पर्वतारोहण के अपने जुनून को जारी रखा और विभाग से अनुमति लेकर अलग-अलग पर्वत अभियानों में हिस्सा लेना शुरू किया।

2024 में ऑस्ट्रेलिया की सबसे ऊंची चोटी पर फहराया था तिरंगा

वर्षा ने वर्ष 2024 में ऑस्ट्रेलिया महाद्वीप की सर्वोच्च चोटी माउंट कोज़ियास्को पर तिरंगा फहराया था। इस उपलब्धि के साथ वह मध्य प्रदेश पुलिस की पहली महिला आरक्षक बनी थीं, जिन्होंने इस शिखर को फतह किया था। अब माउंट एल्ब्रस पर सफलता हासिल कर उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण अभियान में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ ली है।

ये भी पढ़े  भोपाल में शिक्षक भर्ती पदवृद्धि को लेकर आंदोलन हुआ तेज

बर्फीली हवाओं और खराब मौसम के बीच पूरी की चढ़ाई

वर्षा के अनुसार, एल्ब्रस अभियान की शुरुआत 11 अगस्त को हुई थी। अभियान के दौरान खराब मौसम, बर्फीली हवाओं और कड़ाके की ठंड ने पर्वतारोहियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। टीम को कई दिनों तक शिखर की ओर बढ़ने के लिए मौसम के अनुकूल होने का इंतजार करना पड़ा।

20 और 21 अगस्त को मौसम में सुधार हुआ, जिसके बाद टीम ने अंतिम चढ़ाई शुरू की। बेहद कठिन परिस्थितियों के बावजूद वर्षा ने हिम्मत नहीं छोड़ी और 21 अगस्त को सुबह 9:07 बजे एल्ब्रस के शिखर पर पहुंचकर तिरंगा फहराने का लक्ष्य पूरा किया।

अब सातों महाद्वीपों की चोटियों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य

माउंट एल्ब्रस फतह करने के बाद वर्षा पटेल अब दुनिया के सातों महाद्वीपों की सर्वोच्च चोटियों पर तिरंगा फहराने के अभियान को आगे बढ़ा रही हैं। उनका अगला लक्ष्य अफ्रीका की सर्वोच्च चोटी माउंट किलिमंजारो पर पहुंचना है।

वर्षा का कहना है कि पर्वतारोहण उनके लिए सिर्फ रोमांच नहीं, बल्कि तिरंगे को दुनिया की ऊंची चोटियों तक पहुंचाने का संकल्प है। उनका यह अभियान NSY Outdoors के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व पर्वतारोही नरेंद्र सिंह यादव ने किया।

वर्षा पटेल की इस उपलब्धि से जबलपुर के साथ मध्य प्रदेश पुलिस का भी गौरव बढ़ा है। उनकी सफलता युवाओं और खासकर बेटियों के लिए यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प और लगातार मेहनत के दम पर कठिन से कठिन लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन