मुम्बई| टी-20 विश्व कप 2026 जिताने वाले पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आकाश चोपड़ा के पॉडकास्ट में पहली बार खुलकर बात की। चयनकर्ताओं के फैसले के बाद वे करीब डेढ़ महीने घर पर बैठे रहे और बार-बार यही सवाल घूमता रहा कि सफलता के बाद बदलाव क्यों हुआ।
फैसले से निराशा, मगर सम्मान
सूर्या ने कहा कि उन्हें लगा था 2028 लॉस एंजिल्स ओलिंपिक और अगले टी-20 विश्व कप तक टीम का नेतृत्व जारी रहेगा। उनके कार्यकाल में भारत ने दो साल तक कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं हारी, एशिया कप और विश्व कप दोनों जीते। उन्होंने पूछा, “जब सब कुछ अच्छा चल रहा हो तो बदलाव की वजह क्या है?” टीम घोषणा से दो-तीन दिन पहले चयनकर्ताओं ने फोन कर कहा कि अब आगे बढ़ने का समय है। सूर्या ने तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने कहा कि चयनकर्ताओं की सोच का सम्मान जरूरी है। श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाने पर उन्हें आपत्ति नहीं थी। उन्होंने अय्यर को अच्छा खिलाड़ी, अच्छा इंसान और अच्छा कप्तान बताया।
यह भी पढ़े – UGC NET Result 2026: रिजल्ट जारी, 4 हजार से ज्यादा JRF के लिए योग्य; 97 हजार अभ्यर्थी पीएचडी के पात्र
अकेलेपन में सवाल
परिवार और दोस्तों ने सांत्वना दी कि यह जीवन का हिस्सा है। लेकिन जब सब चले जाते, घर की खामोशी में वही सवाल लौट आता -“हमने अभी विश्व कप जीता है, ऐसा कैसे संभव है?” आईपीएल में उनका प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा, यह बात उन्होंने खुद मानी। नाम सूची में न देखकर वे मुस्कुराए। दबाव में शांत रहने की आदत उन्होंने टीम के साथ भी निभाई। उन्होंने कहा कि वे तैयार हैं जब सही समय लगे, बुला लिया जाए।

