बालाघाट: जिले के आदिवासी क्षेत्रों में बच्चों की मौत का मामला लगातार चर्चा में है। इसी बीच रविवार को पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने प्रेस से बातचीत करते हुए अभिजीत दीपके के साथ हुई घटना को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए। मुंजारे के मुताबिक, सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके आदिवासी क्षेत्र में बच्चों की मौत से प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे थे। शनिवार को कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरों ने उनके खिलाफ गलत बातें कहीं और उनके वाहन को भी टक्कर मारी।
मुंजारे ने दावा किया कि मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और स्थिति काफी तनावपूर्ण थी। उन्होंने आशंका जताई कि यदि दीपके अपनी गाड़ी से बाहर निकलते तो उन पर जानलेवा हमला हो सकता था। उन्होंने इसे एक बड़ी घटना के टलने जैसा बताया।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरों को लेकर लगाए आरोप
पूर्व सांसद ने प्रदेश की भाजपा सरकार को भी निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में मौजूद कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर प्रायोजित तरीके से काम कर रहे हैं और इनके जरिए विरोध की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।
मुंजारे ने दावा किया कि इनमें भोपाल और राजगढ़ सहित दूसरे क्षेत्रों से आए लोग शामिल हैं और उन्हें प्रशासन की ओर से सुरक्षा भी दी जा रही है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक बताया।
बच्चों की मौत के आंकड़ों पर भी उठाए सवाल
मुंजारे ने आदिवासी गांवों में बच्चों के बीमार होने और उनकी मौत के मामलों पर स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए। उनका आरोप है कि बच्चों को समय पर सही इलाज नहीं मिल रहा और बीमारी के वास्तविक कारणों की स्पष्ट पहचान भी नहीं हो सकी है। उन्होंने मृत बच्चों का पोस्टमार्टम नहीं कराए जाने का आरोप भी लगाया। मुंजारे का दावा है कि उनकी जानकारी के अनुसार क्षेत्र में 50 से ज्यादा बच्चों की मौत हुई है, जबकि शासन-प्रशासन वास्तविक आंकड़े सामने नहीं ला रहा है।
पूर्व सांसद ने कहा कि वे इस पूरे मामले को लेकर जल्द ही हाईकोर्ट में याचिका दायर करने की तैयारी कर रहे हैं।

