नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी ने रविवार को X पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा एक लड़के को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। AAP का आरोप है कि सड़क बनाने में हुए भ्रष्टाचार को लेकर कुछ लोग उनसे सवााल कर रहे थे। इस बीच उन्होंने वहां खड़े एक युवक को थप्पड़ मार दिया। हालांकि इसके बाद उनके गार्ड ने युवक को दूर हटाया।
सड़क की गुणवत्ता को लेकर हुआ विवाद
सौरभ भारद्वाज और डॉ. शैली ओबेरॉय के दावों के अनुसार, तिलक नगर इलाके में एक निर्माणाधीन सड़क के निरीक्षण के दौरान आप विधायक जरनैल सिंह और मंत्री प्रवेश वर्मा के बीच सड़क की गुणवत्ता को लेकर तीखी बहस हुई थी। ‘आप’ का आरोप है कि जब सड़क निर्माण में हुए भ्रष्टाचार को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे, तब मंत्री ने बौखलाकर वहां मौजूद एक युवक को थप्पड़ मार दिया।
ये भी पढें: SIR पर ओवैसी का चुनाव आयोग पर निशाना: ‘नाराज फूफा का क्या करोगे?’ गरीबों के दस्तावेजों का मुद्दा उठाया
पुलिस में शिकायत की तैयारी
इस घटना के बाद आप विधायक जरनैल सिंह द्वारा विकासपुरी पुलिस स्टेशन में मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की बात कही जा रही है।

