भोपाल: देश की पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न इंदिरा गांधी के बलिदान दिवस और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम और रक्तदान शिविर का आयोजन किया।
मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल के संगठक अवनीश भार्गव के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में सेवादल के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और भोपाल शहर व ग्रामीण जिला सेवादल के सदस्यों ने भाग लिया। कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी और सरदार पटेल के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
यह भी पढ़ें: राष्ट्रीय एकता दिवस पर गुलाबगंज में दौड़ी एकता की दौड़, 20 प्रतिभागी सम्मानित
सेवादल कार्यकर्ताओं ने किया रक्तदान
रक्तदान शिविर में कार्यकर्ताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा के प्रति प्रतिबद्धता जताई। भोपाल ग्रामीण जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष लोकेश दांगी ने सक्रिय सहभागिता की, वहीं भूपेंद्र सिंह मीणा ने भी रक्तदान किया।
इस अवसर पर अवनीश भार्गव ने कहा कि इंदिरा गांधी का देश की एकता और अखंडता के लिए दिया गया बलिदान हमेशा प्रेरणा देता रहेगा, वहीं सरदार पटेल का राष्ट्र निर्माण में योगदान अविस्मरणीय है। इन महान नेताओं को सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि हम उनके आदर्शों पर चलकर समाज और देश की सेवा करें।
उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का संकल्प है और कांग्रेस सेवादल सेवा और समर्पण के मूल्यों के साथ जनसेवा में हमेशा आगे रहेगा।

