हैमिल्टन: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज का आखिरी मुकाबला आज खेला जाएगा। मैच हैमिल्टन के सेडॉन पार्क में दोपहर 12:30 बजे से शुरू होगा। मुकाबले से पहले एक बार फिर 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के खेलने की चर्चा है। पिछले मैच में सूर्यवंशी की जगह ईशान किशन ने प्लेइंग-11 में वापसी की थी। माना जा रहा है कि वे अभिषेक, सैमसन या ईशान में से किसी की जगह खेल सकते हैं।
शिवम दुबे को भी मौका मिल सकता है
ऑलराउंडर शिवम दुबे को भी मौका मिल सकता है, जो इस सीरीज में अब तक नहीं खेले हैं। उन्हें नीतीश कुमार रेड्डी की जगह खिलाया जा सकता है। इसकी एक वजह हैमिल्टन का हाई स्कोरिंग मैदान भी है। यहां खेले गए 14 टी-20 मैचों में से 8 बार पहली पारी में 180 या इससे ज्यादा रन बने हैं।
भारत टी-20 में अब तक 22 मैच जीत चुका है
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 35 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 22 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड को 12 मुकाबलों में जीत मिली है। एक मैच टाई रहा है।
इस सीरीज में भारत ने शुरुआती तीनों मुकाबले जीतकर 3-0 की बढ़त बनाई थी। चौथे टी-20 में न्यूजीलैंड ने वापसी करते हुए भारत के खिलाफ सबसे बड़ा टी-20 स्कोर बनाया। इस मैच में न्यूजीलैंड को 87 रन से जीत मिली।
अभिषेक सीरीज में टीम के टॉप रन स्कोरर
अभिषेक शर्मा इस सीरीज में भारत के टॉप रन स्कोरर हैं। उन्होंने 4 मैचों में 196 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 227.90 का रहा है। उन्होंने तीसरे टी-20 मैच में शतक भी लगाया था।
भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने 4 मैचों में सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए हैं। हालांकि उनकी इकोनॉमी 9.31 रही है। उनके अलावा मयंक यादव ने 2 मैच में 4 विकेट लिए हैं।
ये भी पढ़ें: एसआईआर के खिलाफ आज विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन, रामलीला मैदान में जुटेंगे 20 से ज्यादा दल
दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11
भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन/वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी/शिवम दुबे, नमन धीर, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार/अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, मयंक यादव।
न्यूजीलैंड: फिन एलन, टिम सइफर्ट (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, एडम मिल्ने, जैकब डफी, मैट फिशर।

