हैमिल्टन: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। हैमिल्टन में मंगलवार को टॉस तो हुआ, लेकिन लगातार बारिश के चलते एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। आखिरकार मैच रद्द करना पड़ा।
बारिश के कारण मुकाबले को 40-40 ओवर का करने का फैसला लिया गया था, लेकिन मौसम ने खेल शुरू होने का मौका ही नहीं दिया। इस मैच के रद्द होने से टीम इंडिया ने सीरीज में अपनी बढ़त बरकरार रखी है। भारत शुरुआती दोनों मुकाबले जीत चुका है। अब न्यूजीलैंड आखिरी दो मैच जीत भी जाता है, तो सीरीज 2-2 से बराबर होगी। यानी भारतीय टीम अब सीरीज नहीं हार सकती।
ग्राउंड स्टाफ ने रन-अप को भी कवर कर दिया
कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि मौसम साफ होने की उम्मीद है और टीम पिछले मैचों की अच्छी बातों को दोहराना चाहेगी। भारत ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। गिल ने लगातार दूसरी बार टेल्स चुना और टॉस जीत लिया।

