छत्रपति संभाजीनगर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने बुधवार को युवाओं, भारत की सोच और आंतरिक सुरक्षा को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि आज का युवा झूठ से नफरत करता है और सच बोलने वालों के साथ खड़े होने को तैयार है।भागवत महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पांचवें पद्मा फेस्टिवल के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में पूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान भी मौजूद थे।
अगर कोई ईमानदारी से बोलता है, तो युवा उसके साथ
भागवत ने कहा कि भारत की सोच सबसे अलग है। भारत सभी की मदद करना चाहता है, यहां तक कि उन पड़ोसी देशों की भी जो उससे नफरत करते हैं।
उन्होंने कहा, अगर भारत आगे बढ़ता है तो ताकतवर देशों की दुकानें बंद हो जाएंगी, क्योंकि भारत सबकी मदद करना चाहता है। भारत मानता है कि ताकत का इस्तेमाल कमजोर लोगों की रक्षा करने और शांति कायम करने के लिए होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अच्छे काम करने वाले लोगों से सीखना चाहिए। उनके काम की सराहना करनी चाहिए और उनके काम को आगे बढ़ाना चाहिए। अगर किसी ने अपने फायदे के लिए भी अच्छा काम किया है, तो उसके काम से सीखने में कोई बुराई नहीं है।
यह भी पढ़ें: अंडा-मुर्गा-मछली खाओ लेकिन कमल का बटन दबाओ, लांजी विधायक राजकुमार करार्हे का वीडियो वायरल
पूर्व CDS बोले- विकसित देश भारत की तरक्की में रुकावट डाल सकते हैं
पूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका होगी। वे इस लक्ष्य को हासिल करने में सबसे ज्यादा योगदान देंगे और इसका सबसे ज्यादा फायदा भी उन्हें ही मिलेगा।
चौहान ने कहा कि मौजूदा वैश्विक सुरक्षा स्थिति संवेदनशील दौर से गुजर रही है। दुनिया में ताकत का संतुलन बदल रहा है। विकसित देश नहीं चाहेंगे कि भारत सफल, विकसित और प्रभावशाली देश बने। ऐसे देश भारत की तरक्की के रास्ते में रुकावट डाल सकते हैं।

