Wednesday, November 25, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsडाकघरों के आधुनिकीकरण पर 1,491 करोड़ खर्च, 20 हजार करोड़ रुपये से...

डाकघरों के आधुनिकीकरण पर 1,491 करोड़ खर्च, 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को कैबिनेट की मंजूरी

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने देश में बुनियादी ढांचे, औद्योगिक विकास और डाक सेवाओं को मजबूत करने के लिए 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की पांच प्रमुख योजनाओं को मंजूरी दी है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी। इनमें निर्माण उपकरण विनिर्माण, बंदरगाह और हवाई अड्डे के विकास के साथ डाक विभाग के आधुनिकीकरण से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

कैबिनेट ने निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरण (सीआईई) विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र योजना के लिए 11 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसका उद्देश्य देश में निर्माण उपकरणों के उत्पादन को बढ़ावा देना और घरेलू विनिर्माण क्षमता मजबूत करना है।

तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल विकसित किया जाएगा। इस परियोजना पर 4,288 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं, असम के सिलचर स्थित डोलू में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के निर्माण को भी मंजूरी मिली है। इसके लिए 2,014 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।

डाक विभाग की दो योजनाओं को मंजूरी

कैबिनेट ने डाक विभाग के लिए भी दो योजनाओं को मंजूरी दी है। डाक परिचालन योजना के लिए 1,141 करोड़ रुपये और संपदा प्रबंधन योजना के लिए 1,491 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य डाक सेवाओं की कार्यप्रणाली में सुधार, बुनियादी ढांचे का विस्तार और सुविधाओं को आधुनिक बनाना है।

संपदा प्रबंधन योजना वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक पांच साल के लिए लागू होगी। इसके तहत डाकघरों और कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनियों का निर्माण, पुनर्निर्माण और नवीनीकरण किया जाएगा। साथ ही ऐतिहासिक डाक भवनों का संरक्षण और डाकघरों की एक समान ब्रांडिंग भी की जाएगी।

190 नए डाक भवन बनेंगे, 2,550 उप-डाकघरों का होगा नवीनीकरण

योजना के तहत 280 करोड़ रुपये की लागत से 190 नए विभागीय डाक भवन बनाए जाएंगे। इसके अलावा 108 करोड़ रुपये से 50 जर्जर डाक भवनों का पुनर्निर्माण होगा।

विभागीय उप-डाकघरों के नवीनीकरण और एक समान ब्रांडिंग पर 318 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत 2,550 उप-डाकघरों को आधुनिक रूप दिया जाएगा। वहीं, किराए के भवनों में संचालित 2,500 डाकघरों के उन्नयन और ब्रांडिंग पर 37.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

20 ऐतिहासिक डाक भवनों का होगा संरक्षण

डाक विभाग की विरासत को सुरक्षित रखने के लिए 180 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इस राशि से देश के 20 ऐतिहासिक डाक भवनों का जीर्णोद्धार और संरक्षण किया जाएगा।

कर्मचारियों की सुविधाओं के लिए 357.50 करोड़ रुपये की लागत से 150 आवासीय कॉलोनियों का नवीनीकरण किया जाएगा। इसके अलावा 100 करोड़ रुपये की राशि संबद्ध और समावेशी गतिविधियों पर खर्च होगी। इसमें सौर ऊर्जा और वर्षा जल संचयन जैसी सुविधाएं विकसित करना भी शामिल है।

दिव्यांगों और महिलाओं के लिए बढ़ेंगी सुविधाएं

योजना के तहत डाकघरों को दिव्यांगजनों के लिए अधिक सुलभ बनाया जाएगा। इसके लिए रैंप और ब्रेल साइनेज जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। महिला कर्मचारियों और आगंतुकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए महिला शौचालय और बच्चों को दूध पिलाने के लिए विशेष कक्ष भी बनाए जाएंगे।

इसके अलावा बेंगलुरु में सेंटर फॉर एक्सीलेंस इन पोस्टल टेक्नोलॉजी (CEPT) के स्थायी भवन के निर्माण के लिए 100 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इससे डाक सेवाओं में आधुनिक तकनीक और स्वदेशी ओपनसोर्स टेक्नोलॉजी को बढ़ावा मिलेगा।

यह भी पढ़ें: सीबीएसई की तीन भाषा नीति पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा, छात्रों पर नहीं थोपी जाएगी तीसरी भाषा

देश में 1.65 लाख डाकघरों का नेटवर्क

भारत में करीब 1.65 लाख डाकघर हैं। इनमें 1,49,385 डाकघर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। डाक विभाग के माध्यम से लोगों को डाक, बैंकिंग, बीमा और आधार से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अलावा डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र और डाकघर निर्यात केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

22 to 28 November 2026
15 to 21 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन