महिला दरोगा की बेकाबू थार ने मचाया कहर, 1 की मौत, 3 गंभीर घायल

शेयर करे

सीहोर। इंदौर–भोपाल हाइवे पर बिलकिसगंज जोड़ के पास तेज रफ्तार बेकाबू थार ने चार लोगों को कुचल दिया। इस भीषण सड़क हादसे में भोपाल निवासी किसान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आर्मी जवान समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आर्मी जवान की हालत नाजुक
इस दुर्घटना में रातीबड़, भोपाल निवासी किसान विजय राजोरिया (46) की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। उनके भाई हिरदेश राजोरिया (40), जो आर्मी में कार्यरत हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है और भोपाल के नर्मदा अस्पताल में आईसीयू में इलाज जारी है।

दो कंबल विक्रेता भी चपेट में आए
साथ ही हादसे में सड़क किनारे कंबल बेच रहे उज्जैन निवासी वकील (28) और लखन (16) भी थार की चपेट में आ गए। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज भोपाल के हमीदिया अस्पताल में चल रहा है।

महिला एसआई चला रही थी थार
सूत्रों से पता चला है कि हादसे के समय थार वाहन महिला सब-इंस्पेक्टर किरण राजपूत चला रही थीं, जो सीहोर जिले के आष्टा थाना में पदस्थ हैं। कोतवाली थाना पुलिस ने महिला एसआई के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर थार वाहन को जब्त कर लिया है।

गैर इरादतन हत्या की लगी धाराएं
सीहोर एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला एसआई किरण राजपूत को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर लाइन अटैच कर दिया है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में लापरवाही और कदाचार मानते हुए गैर इरादतन हत्या की धाराओं का इजाफा किया जाएगा।

पुलिस का बयान
सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा ने बताया कि- महिला एसआई के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है।