इछावर में सामूहिक विवाह का भव्य आयोजन, 200 जोड़ों ने एक साथ थामा जीवनसाथी का हाथ

शेयर करे

सीहोर। सीहोर जिले के इछावर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। जहां सादगी, परंपरा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। इस आयोजन में 200 जोड़े एक साथ नए जीवन की शुरुआत करते नजर आए।

मंत्री ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद

इस कार्यक्रम में प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मंच से नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि- यह योजना सामाजिक समानता और आर्थिक सहयोग का सशक्त माध्यम है। मंत्री ने सभी दंपतियों के सुखद, सम्मानजनक और खुशहाल दांपत्य जीवन की कामना की।

173 विवाह और 27 निकाह संपन्न

बता दें सम्मेलन के दौरान कुल 200 जोड़ों का वैवाहिक संस्कार संपन्न कराया गया। इनमें 173 जोड़ों का हिंदू रीति-रिवाज से विवाह हुआ, जबकि 27 जोड़ों का निकाह मुस्लिम परंपरा के अनुसार कराया गया। पूरे आयोजन में सांस्कृतिक सौहार्द और सामाजिक एकता की झलक साफ नजर आई।

जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की रही सक्रिय भागीदारी

इस सामूहिक विवाह समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। आयोजन स्थल को पारंपरिक सजावट से सजाया गया था, वहीं व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।

सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में अहम पहल

मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना को समाज के कमजोर वर्गों के लिए संबल बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि – यह पहल बेटियों के सम्मान और सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव रखती है। कार्यक्रम में उपस्थित परिवारों ने सरकार की इस योजना की सराहना की।