लखनऊ: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एमएलसी चुनाव में सपा के दो प्रत्याशियों को जिताने और भाजपा को हराने पर जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा काशी के आशुतोष बाबा विश्वनाथ जी ने हमारे आशुतोष सिन्हा जी और लाल बिहारी यादव जी को ऐतिहासिक वोटों से जिताकर हमें दोहरा आशीर्वाद दिया है। काशी ने डबल इंजन को डबल ज़ीरो कर दिया है।
उन्होंने कहा कि दरअसल काशी की हमारी दोहरी जीत के पीछे कुछ कारण निर्णायक रहे हैं। मणिकर्णिका के पौराणिक घाट को तोड़ने के पाप की सज़ा मिली है। राजमाता पुण्यश्लोका देवी अहिल्याबाई जी की प्रतिमा के तिरस्कार करने का सबक इन पापियों को मिला है। पूज्य शंकराचार्य जी पर हुए प्रहार का प्रतिकार-प्रतिफल है। पाल समाज पर जो लाठी चलाई गई थी ये उसका भी जवाब है। दाल मंडी पर हुए अत्याचार ने भाजपा को ध्वस्त कर दिया।
काशी भाजपा की उदासी का कारण बनेगी
अखिलेश ने कहा कि क्योटो तो बनाया नहीं, काशी भी उजाड़ दिया। क्योटो नहीं बनाया तो क्योटो का फोटो ही लगा देते।भाजपा ने बनारस का हित नहीं, अहित किया है। यूपी वाले विदाई अच्छी करते हैं, लेकिन जब काशी वाले विदाई करते हैं तो पर्मानेंट विदाई कर देते हैं। इस बार ‘काशी भाजपा की उदासी’ का कारण बनेगी।
ये भी पढ़ें: धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं ने की शिकायत, FIR दर्ज करने की मांग
भाजपा जाएगी, काशी मुस्कुराएगी
अखिलेश ने ये भी कहा कि हम आएंगे तो वाराणसी को ट्रैफ़िक जाम से मुक्ति दिलाने के लिए मेट्रो का निर्माण करेंगे। हम अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करके दिखाएंगे कि ‘विरासत का संरक्षण और विकास से संवर्धन’ साथ-साथ कैसे किया जा सकता है। काशी का गौरव फिर से वापस लाना हमारा संकल्प है, जिसे हम निभाएंगे। भाजपा जाएगी, काशी मुस्कुराएगी।

