भोपाल: राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को भाजपा महिला मोर्चा के ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान की शुरुआत हुई। बागसेवनिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 735, अमराई में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी, मध्यप्रदेश सरकार की मंत्री कृष्णा गौर और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे शामिल हुई।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवाओं और बच्चों के पोषण, शिक्षा व देखभाल में उनके योगदान को लेकर चर्चा की गई। रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान में आंगन, मिलन और सेवा की भावना को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया गया है।
‘आशीर्वाद का दीप’ किया समर्पित
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा और समर्पण भाव को समर्पित करते हुए ‘आशीर्वाद का दीप’ भी प्रज्ज्वलित किया गया।
रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, उद्योग, राजनीति, प्रशासन और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी महिला शक्ति का महत्वपूर्ण उदाहरण हैं और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य व शिक्षा में उनकी अहम भूमिका है।
उन्होंने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान के जरिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद करने और उनके सामाजिक योगदान को सम्मान देने का प्रयास किया जा रहा है।
कृष्णा गौर ने बच्चों से की बातचीत
मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को शिक्षा और पोषण के साथ देखभाल भी मिलती है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों और उनके परिवारों के बीच महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस दौरान कृष्णा गौर ने आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों से बातचीत की और वहां संचालित गतिविधियों की जानकारी भी ली। कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण किया गया।
यह भी पढ़ें: अक्टूबर से बदलेंगे बैंक FD के नियम, क्या आपकी FD पर घटेगा-बढ़ेगा ब्याज? समझें नया नियम
महिलाओं की आत्मनिर्भरता पर जोर
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे ने कहा कि महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक भागीदारी बढ़ने से परिवार और समाज दोनों स्तर पर बदलाव आ रहा है। कार्यक्रम के दौरान बाग मुगालिया स्थित आंगनबाड़ी परिसर में रूप कुमारी चौधरी ने पौधारोपण भी किया।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार की मंत्री प्रतिमा बागरी, महिला मोर्चा की महामंत्री ज्योति सिंह, सपना वर्मा, मोना सुस्तानी, प्रज्ञा त्रिपाठी, मोनिका ठाकुर, शीला पाटीदार सहित महिला मोर्चा की कार्यकर्ता और स्थानीय रहवासी मौजूद रहे।

