Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Homeमध्य प्रदेशतड़के आग से दहला बैरागढ़, पटाखों के धमाकों से कांपा इलाका

तड़के आग से दहला बैरागढ़, पटाखों के धमाकों से कांपा इलाका

भोपाल। राजधानी भोपाल के बैरागढ़ रोड पर शुक्रवार तड़के एक पटाखा दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के बाद दुकान में रखे पटाखों में लगातार धमाके होते रहे, जिससे क्षेत्र देर रात तक दहलता रहा। आग की लपटें करीब 70 फीट तक ऊपर उठती दिखाई दीं। गनीमत रही कि घटना रात के समय हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

जानकारी के अनुसार, बैरागढ़ रोड स्थित सुंदर वन गार्डन के सामने संचालित सोनी पटाखा दुकान में तड़के करीब साढ़े तीन बजे अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और भीतर रखे पटाखों में विस्फोट शुरू हो गए। सूचना मिलते ही फतेहगढ़, बैरागढ़ और गांधीनगर सहित आसपास के कई फायर स्टेशनों से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। आग की तीव्रता और लगातार हो रहे धमाकों के कारण दमकल कर्मियों को राहत कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब साढ़े तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

फायर फाइटर शाहनवाज अहमद ने बताया कि आग को नियंत्रित कर लिया गया है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुकान में बड़ी मात्रा में पटाखों का स्टॉक रखा हुआ था, जो पूरी तरह जलकर खाक हो गया। इससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

पेट्रोल पंप और बाजार के पास थी दुकान

जिस दुकान में आग लगी, उसके आसपास अन्य पटाखा दुकानें भी मौजूद हैं। वहीं कुछ ही दूरी पर पेट्रोल पंप भी स्थित है। ऐसे में आग और विस्फोटों ने स्थिति को और अधिक गंभीर बना दिया था। हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से बड़ा नुकसान टल गया।

सुरक्षा के लिए बंद किया गया यातायात

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर सड़क के एक हिस्से पर यातायात रोक दिया गया, क्योंकि विस्फोट के कारण पटाखों के टुकड़े और चिंगारियां सड़क तक पहुंच रही थीं। एहतियातन बिजली कंपनी ने भी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। सुबह करीब 7 बजे तक आग पूरी तरह नियंत्रित कर ली गई। फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन