Saturday, October 31, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsभोपाल में 1 से 3 नवंबर तक होगा राज्योत्सव, 165 किसानों को...

भोपाल में 1 से 3 नवंबर तक होगा राज्योत्सव, 165 किसानों को मिलेंगे ट्रैक्टर-बुलेट और ई-स्कूटर

भोपाल: मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर राजधानी भोपाल में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। 1 से 3 नवंबर तक लाल परेड ग्राउंड में होने वाले इस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोक नृत्यों और विभिन्न प्रदर्शनियों के जरिए प्रदेश की कला, संस्कृति, इतिहास और विकास की झलक देखने को मिलेगी। इस दौरान प्रदेश के 55 जिलों से चुने गए 165 किसानों को ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटर पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे। वहीं, 102 मेधावी विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति से सम्मानित किया जाएगा।

1 नवंबर को मोनाली ठाकुर की प्रस्तुति

संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने बताया कि राज्योत्सव से पहले 30 और 31 अक्टूबर को भोपाल के प्रमुख मार्गों से सांस्कृतिक गौरव यात्राएं निकाली जाएंगी। इनमें 400 से अधिक लोक एवं जनजातीय कलाकार शामिल होंगे।

राज्योत्सव का औपचारिक शुभारंभ 1 नवंबर को शाम 6:30 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। उद्घाटन समारोह में 71 बच्चे सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन करेंगे। इसके साथ पुलिस बैंड की प्रस्तुति होगी। सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका मोनाली ठाकुर सुगम संगीत की प्रस्तुति देंगी।

55 जिलों से चुने गए 165 किसान

स्थापना दिवस समारोह में किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा। यह प्रतियोगिता 29 जनवरी से 15 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आयोजित की गई थी। संस्कृति विभाग के वीर भारत न्यास और किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग की संयुक्त पहल में हुई इस प्रतियोगिता में करीब 40 हजार किसानों ने हिस्सा लिया था।

प्रतियोगिता में पूर्णांक हासिल करने वाले 15,298 प्रतिभागियों की मेरिट सूची तैयार की गई। इसके बाद लॉटरी के माध्यम से प्रदेश के 55 जिलों से 165 विजेताओं का चयन किया गया। 27 अक्टूबर को हुई चयन प्रक्रिया में प्रत्येक जिले से तीन किसानों को पुरस्कार के लिए चुना गया है। विजेताओं को ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटर दिए जाएंगे।

102 विद्यार्थियों को मिलेगी एक-एक लाख की छात्रवृत्ति

राज्योत्सव के दूसरे दिन यानी 2 नवंबर को लोक एवं जनजातीय नृत्यों की प्रस्तुतियां होंगी। इनमें अहिराई, कर्मा, सैला, भगोरिया और बधाई नृत्य प्रमुख रहेंगे। इसके अलावा देश के अन्य राज्यों के लोक नृत्य भी समारोह का हिस्सा होंगे।

इस दिन प्रदेश के 102 मेधावी विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के तहत एक-एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति देकर सम्मानित किया जाएगा।

मामे खान की प्रस्तुति के साथ होगा समापन

तीन दिवसीय राज्योत्सव का समापन 3 नवंबर को होगा। अंतिम दिन कृषि आधारित पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुतियां होंगी। इसके बाद राजस्थान के प्रसिद्ध लोक गायक मामे खान और उनके साथी राजस्थानी लोक संगीत की प्रस्तुति देंगे।

यह भी पढ़ें: जनगणना-2027 का असर: एमपी में तीन महीने कर्मचारियों के तबादलों पर रहेगी रोक

कृषि और विरासत की दिखेगी झलक

लाल परेड ग्राउंड में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। मुख्यमंत्री 1 नवंबर को कृषि प्रदर्शनी, मध्य प्रदेश में विरासत से विकास, जन-कल्याण एवं विकास और राजा भोज का भोपाल जैसी प्रदर्शनियों का शुभारंभ करेंगे।

इनमें उन्नत बीज, आधुनिक कृषि यंत्र और स्मार्ट सिंचाई तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन में स्वाद-देशराज व्यंजन मेला और महिला उद्यमिता मंडप भी आकर्षण का केंद्र होंगे। यहां स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों को प्रदर्शित किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

25 to 31 October 2026
18 to 24 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन