Monday, November 16, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsओरछा में बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति 30-31 अगस्त को, 400 नेता जुटेंगे; योजनाओं...

ओरछा में बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति 30-31 अगस्त को, 400 नेता जुटेंगे; योजनाओं पर लगेगी प्रदर्शनी

भोपाल: मध्य प्रदेश बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक अब 30 और 31 अगस्त को ऐतिहासिक नगरी ओरछा में होगी। बैठक के लिए राजमहल पैलेस होटल और राजविलास होटल में तैयारियां की जा रही हैं। प्रदेशभर से पार्टी के वरिष्ठ नेता, मंत्री, सांसद, विधायक और पदाधिकारी इसमें शामिल होंगे। नेताओं के ओरछा पहुंचने का सिलसिला 29 अगस्त से शुरू हो जाएगा। मुख्य बैठक से पहले 25 अगस्त को संगठन की एक अहम टोली बैठक भी प्रस्तावित है।

तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा संगठन

बैठक की व्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को ओरछा में बीजेपी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने बैठक की और तैयारियों की समीक्षा की। इसमें प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, प्रदेश मंत्री अर्चना सिंह और उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक की व्यवस्थाओं की निगरानी की जिम्मेदारी गौरव रणदिवे और शैलेन्द्र बरूआ को सौंपी गई है। दोनों नेता आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा कर रहे हैं।

ये भी पढ़े   MP की महिला पुलिसकर्मी ने रचा इतिहास: 18,510 फीट ऊंचे माउंट एल्ब्रस पर फहराया तिरंगा

सरकार की योजनाओं पर लगेगी भव्य प्रदर्शनी

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकार के प्रमुख कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता लोकेन्द्र पाराशर को प्रदर्शनी की तैयारियों और संचालन की जिम्मेदारी दी गई है।

दो दिवसीय आयोजन के दौरान रात में अतिथियों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके जरिए बुंदेलखंड की संस्कृति और स्थानीय कला को भी प्रदर्शित करने की तैयारी है।

400 कमरों की बुकिंग, स्टेशन से होटल तक विशेष व्यवस्था

प्रदेशभर से आने वाले नेताओं के लिए ओरछा के अलग-अलग होटलों में करीब 400 कमरे बुक किए गए हैं। इनमें ओरछा क्लब एंड रिजॉर्ट, ओरछा पैलेस और अन्य होटल शामिल हैं।

ओरछा रेलवे स्टेशन से होटल तक नेताओं को पहुंचाने के लिए विशेष परिवहन व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण से होगी। इसके बाद नेता प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे और रजिस्ट्रेशन के बाद मुख्य सभागार में पहुंचेंगे।

350 से 400 नेताओं के शामिल होने की संभावना

प्रदेश कार्यसमिति में 106 नियमित सदस्य हैं। इसके अलावा पार्टी ने 41 विशेष आमंत्रित सदस्यों को भी शामिल किया है। पदेन सदस्यों, सांसदों, विधायकों और अन्य पदाधिकारियों को मिलाकर बैठक में करीब 350 से 400 नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

मुख्य मंच पर प्रदेश अध्यक्ष के साथ मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहेंगे। इनमें तुलसीराम सिलावट, गोविंद सिंह राजपूत, विश्वास सारंग, कुंवर विजय शाह, नारायण सिंह कुशवाहा, प्रद्युम्न सिंह तोमर और कृष्णा गौर समेत अन्य मंत्री शामिल होंगे।

इसके अलावा मध्य प्रदेश से आने वाले केंद्रीय मंत्री, बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारी तथा प्रदेश के लोकसभा और राज्यसभा सांसद और विधायक भी बैठक में हिस्सा लेंगे। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों और प्रदेश में पार्टी की रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन