Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsब्रेनवॉश, झूठी शादी और देह व्यापार: भोपाल की दो बहनों के आंसुओं...

ब्रेनवॉश, झूठी शादी और देह व्यापार: भोपाल की दो बहनों के आंसुओं ने खोला मानव तस्करी गिरोह का खौफनाक सच

भोपाल: परिवार की मामूली डांट के बाद घर छोड़ने का फैसला दो सगी बहनों के लिए जिंदगी का सबसे बड़ा हादसा बन गया। भोपाल रेलवे स्टेशन से शुरू हुई उनकी यह यात्रा उन्हें मानव तस्करों के ऐसे जाल में ले गई, जहां पहले झूठे रिश्तों और शादी का सपना दिखाकर उनका ब्रेनवॉश किया गया, फिर उनका शोषण किया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह कोई अकेली घटना नहीं, बल्कि वर्षों से सक्रिय एक संगठित मानव तस्करी गिरोह का हिस्सा था, जिसके तार मध्यप्रदेश से लेकर मुंबई तक जुड़े हुए हैं।

मामला नवंबर 2024 का है। हनुमानगंज क्षेत्र में रहने वाली 13 और 15 वर्ष की दो सगी बहनें परिवार की डांट से नाराज होकर घर से निकल गई थीं। दोनों भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर शिवपुरी जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान मानव तस्करी गिरोह के सदस्य उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे।

मीठी बातों में फंसाकर स्टेशन से ले गए

पुलिस जांच के अनुसार, शाम के समय एक युवक दोनों बहनों के पास पहुंचा। उसने पहले बातचीत शुरू की और फिर भरोसा दिलाया कि वह उन्हें सुरक्षित उनकी मौसी के घर पहुंचा देगा। शुरुआत में बहनों ने मना किया, लेकिन लगातार भरोसा दिलाने और मीठी बातों में उलझाकर आरोपी उन्हें स्टेशन से बाहर ले आया, जहां पहले से एक कार खड़ी थी।

कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद दोनों बहनों को अलग-अलग वाहनों में बैठा दिया गया और यहीं से उनकी जिंदगी की राहें भी अलग हो गईं।

सीसीटीवी फुटेज बना सबसे बड़ा सुराग

बच्चियों के लापता होने के बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दोनों बहनों के साथ एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। इसी सुराग के आधार पर पुलिस गिरोह तक पहुंची।

पुलिस ने पहले शिवपुरी में दबिश देकर छोटी बहन को सुरक्षित बरामद किया। उसकी निशानदेही पर गुना से बड़ी बहन को भी छुड़ाया गया। मामले में पुलिस 18 जुलाई को न्यायालय में चालान पेश करेगी।

वर्षों से सक्रिय था गिरोह

जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह कई वर्षों से भोपाल रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे स्थानों पर सक्रिय था। गिरोह विशेष रूप से घर से नाराज, भटकी हुई या अकेली नाबालिग लड़कियों को निशाना बनाता था।

गिरोह में महिलाएं भी शामिल थीं, जो खुद को मां जैसी हमदर्द बताकर किशोरियों का विश्वास जीतती थीं। इसके बाद उन्हें झूठे सपने दिखाकर अपने साथ ले जाया जाता था।

शादी का झांसा, फिर शोषण

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी विनोद प्रजापति ने एक किशोरी को रितिक सपेरा और दूसरी को बप्पा सपेरा के पास भेज दिया। एक बहन को शिवपुरी के कंजर मोहल्ले और दूसरी को गुना के पास सपेरा बस्ती में रखा गया।

आरोपियों ने दोनों किशोरियों का मानसिक रूप से ब्रेनवॉश किया। उन्हें बेहतर जीवन, परिवार और शादी का सपना दिखाया गया। बाद में उन्हें अलग-अलग युवकों के साथ पत्नी की तरह रहने के लिए मजबूर किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि उनका शोषण किया गया और उन्हें देह व्यापार के नेटवर्क में धकेलने की तैयारी थी। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह के तार बड़े शहरों, विशेषकर मुंबई तक जुड़े हो सकते हैं।

तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विनोद प्रजापति, रितिक सपेरा और बप्पा सपेरा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

भोपाल में हर महीने 50 से 60 लड़कियां हो रही लापता

पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, भोपाल में हर महीने औसतन 50 से 60 लड़कियां लापता हो रही हैं। वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में ही लापता होने वाली लड़कियों की संख्या एक हजार से अधिक पहुंच चुकी है। विभिन्न अभियानों के दौरान पुलिस 200 से ज्यादा लड़कियों को खोज चुकी है, लेकिन बड़ी संख्या में किशोरियां अब भी लापता हैं।

पूरे मध्यप्रदेश में अब तक 50 हजार से अधिक बेटियों का रेस्क्यू किया जा चुका है। वहीं, अपने बच्चों की तलाश में कई परिवार आज भी पुलिस थानों और अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।

पुलिस का मानना है कि यह मामला केवल दो बहनों का नहीं, बल्कि मानव तस्करी के उस संगठित नेटवर्क की गंभीर तस्वीर है, जो घर से भटके या असहाय बच्चों को अपना आसान शिकार बनाकर उनके जीवन को अंधेरे में धकेल देता है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन