छतरपुर: बागेश्वर धाम के पास स्थित ग्राम कोंड़ा में जमीन विवाद के दौरान हुई फायरिंग के मामले में नया मोड़ आ गया है। घायल किसान मोतीलाल उर्फ मोती कुशवाहा की शिकायत पर राजनगर थाना पुलिस ने शालिग्राम गर्ग, अंकित मिश्रा, सतीष घोषी और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
FIR में क्या लगाए गए आरोप?
एफआईआर के अनुसार, 14 जुलाई को आरोपी मोतीलाल को प्राथमिक स्कूल के पास बुलाकर ले गए। शिकायत में आरोप है कि वहां पहुंचते ही गाली-गलौज की गई और लाठी-डंडों से मारपीट की गई। इसके बाद शालिग्राम गर्ग पर पिस्टल से गोली चलाने का आरोप लगाया गया, जिससे मोतीलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल किसान का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
जमीन विवाद बना वजह
पीड़ित किसान का आरोप है कि क्षेत्र में किसानों पर जमीन बेचने का दबाव बनाया जा रहा था। जो किसान जमीन बेचने से इनकार करते थे, उन्हें धमकाया और प्रताड़ित किया जाता था। इसी विवाद के दौरान उन पर हमला किया गया।
पुलिस जांच जारी
राजनगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
बाबा बागेश्वर ने दी प्रतिक्रिया
मामले पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि इस घटना से उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने अपराध किया है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने अपील की कि हर घटना में उनका नाम नहीं जोड़ा जाए।

