Thursday, November 12, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsभारत में बन रही चिप्स की सप्लाई शुरू, सेमीकॉन मिशन 2.0 का...

भारत में बन रही चिप्स की सप्लाई शुरू, सेमीकॉन मिशन 2.0 का ऐलान; PM बोले- चिप से सिस्टम तक इकोसिस्टम तैयार करेंगे

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली के यशोभूमि में सेमीकॉन इंडिया 2026 के पांचवें संस्करण का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण की दिशा में हो रही प्रगति का उल्लेख किया और मिशन के दूसरे चरण की शुरुआत की जानकारी दी। पीएम ने कहा कि भारत में बने सेमीकंडक्टर अब देश के साथ वैश्विक बाजारों तक पहुंचने लगे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि सेमीकंडक्टर का इकोसिस्टम तैयार करना लंबे समय की प्रक्रिया है। इसके लिए चिप डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग, उपकरण निर्माण और टेस्टिंग जैसी क्षमताओं को एक साथ विकसित करना जरूरी है।

सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 में 1.18 लाख करोड़ रुपये का लक्ष्य

सरकार के मुताबिक, पहले चरण में सेमीकंडक्टर मिशन के लिए करीब 70,400 करोड़ रुपये का प्रावधान था। अब दूसरे चरण के तहत करीब 1.18 लाख करोड़ रुपये के निवेश लक्ष्य के साथ इकोसिस्टम को आगे बढ़ाने की योजना है।

सरकार का फोकस चिप निर्माण के साथ कंपाउंड सेमीकंडक्टर और सिलिकॉन फोटोनिक्स जैसी तकनीकों को विकसित करने पर भी है। इन तकनीकों का इस्तेमाल AI और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर में किया जाता है।

सप्लाई चेन और ऊर्जा सुरक्षा पर जोर

पीएम मोदी ने सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन को मजबूत करने की जरूरत बताई। उन्होंने इक्विपमेंट कंपनियों से भारत में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। विदेशी कंपनियों के लिए भारतीय स्टार्टअप्स, डिजाइन फर्म्स और अन्य संस्थाओं के साथ सहयोग के रास्ते विकसित करने की भी बात कही गई।

AI आधारित डेटा सेंटर में बड़ी संख्या में हाई-परफॉर्मेंस प्रोसेसर इस्तेमाल होते हैं। ऐसे में सेमीकंडक्टर के साथ ऊर्जा की उपलब्धता और सुरक्षा भी महत्वपूर्ण होगी।

भारत में 12 सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट मंजूर

सरकार के अनुसार, देश में सेमीकंडक्टर निर्माण को बढ़ावा देने के लिए अब तक 12 प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी जा चुकी है। इनमें पहले चरण में मंजूर तीन इकाइयों में व्यावसायिक उत्पादन शुरू होने की जानकारी सरकार ने दी है।

सरकार ने सेमीकॉन 2.0 को भी मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य देश में चिप निर्माण से जुड़े पूरे इकोसिस्टम को विकसित करना है।

चिप डिजाइन पर भी बढ़ रहा फोकस

सरकार के मुताबिक, 400 से ज्यादा शैक्षणिक संस्थानों और 105 स्टार्टअप्स को इलेक्ट्रॉनिक डिजाइन ऑटोमेशन (EDA) टूल्स उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं, 24 स्टार्टअप्स को डिजाइन लिंक्ड इंसेंटिव (DLI) योजना के तहत मंजूरी मिली है।

पीएम ने उद्योग जगत से भारत में रिसर्च एंड डेवलपमेंट बढ़ाने और युवाओं को एडवांस सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी से जोड़ने की अपील की। साथ ही भारत में चिप डिजाइन और उससे जुड़ी बौद्धिक संपदा विकसित करने पर जोर दिया।

ये भी पढ़े:बालाघाट:भय से भरोसे तक पहुंचाने की पहल, प्रभावित बच्चों और उनके परिजनों के लिए भोजन-नाश्ते के साथ राशन की व्यवस्था

चिप की कमी से इलेक्ट्रॉनिक्स की कीमतों पर असर

सेमीकंडक्टर की सप्लाई में उतार-चढ़ाव का असर इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल उद्योग पर पड़ता है, क्योंकि चिप्स मोबाइल फोन, कंप्यूटर, कार और कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों में इस्तेमाल होते हैं। भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण बढ़ाने का उद्देश्य घरेलू क्षमता विकसित करना और वैश्विक सप्लाई चेन में देश की भूमिका बढ़ाना है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन