मुंबई: मुंबई के टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (TISS) के 86वें दीक्षांत समारोह में अब भारत के चीफ जस्टिस सूर्यकांत मुख्य अतिथि नहीं होंगे। 22 अगस्त को होने वाले समारोह के लिए उनकी जगह टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. सीएस प्रमेश को मुख्य अतिथि बनाया गया है।
पहले CJI सूर्यकांत को समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया था और उन्हें छात्रों को संबोधित करना था। यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब हैदराबाद की NALSAR यूनिवर्सिटी में 450 से ज्यादा छात्रों ने CJI सूर्यकांत को दीक्षांत समारोह का मुख्य अतिथि बनाए जाने का विरोध किया था।
विवाद के दौरान बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) ने NALSAR के पूरे बैच के छात्रों के वकील के तौर पर एनरोलमेंट पर रोक लगाने का निर्देश दिया था। मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जिसके बाद BCI ने अपना आदेश वापस ले लिया।
पहले 2 अगस्त को होना था TISS का दीक्षांत समारोह
TISS का 86वां दीक्षांत समारोह पहले 2 अगस्त को आयोजित किया जाना था। हालांकि, संस्थान ने कार्यक्रम से महज दो दिन पहले इसे ‘अप्रत्याशित परिस्थितियों’ का हवाला देते हुए स्थगित कर दिया था।
TISS की ओर से कहा गया था कि उस समय समारोह आयोजित करने के लिए अनुकूल माहौल नहीं था। संस्थान ने छात्रों, फैकल्टी, कर्मचारियों और मेहमानों की सुरक्षा के साथ-साथ सामान्य कैंपस गतिविधियों को लेकर भी चिंता जताई थी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, CJI सूर्यकांत के दौरे को लेकर संभावित विरोध और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी चिंताओं के बीच कार्यक्रम स्थगित किया गया था।
NALSAR में CJI को मुख्य अतिथि बनाने का हुआ था विरोध
NALSAR के करीब 450 छात्रों ने CJI सूर्यकांत को यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि बनाए जाने का विरोध किया था। पूरी खबर पढ़े NALSAR विवाद: सुप्रीम कोर्ट ने BCI की कार्रवाई पर उठाए सवाल
अब 22 अगस्त को होगा TISS का दीक्षांत समारोह
TISS का 86वां दीक्षांत समारोह अब 22 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में CJI सूर्यकांत की जगह टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. सीएस प्रमेश मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे।

