भोपाल: उज्जैन के प्रसिद्ध खड़े हनुमान मंदिर की प्रतिमा हटाने को लेकर चल रहे विवाद के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के निवास पर पहुंचे। दोनों नेताओं की मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब उमा भारती कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रतिमा को यथास्थान रखने की अपील कर चुकी हैं।
हालांकि, सोमवार की मुलाकात में मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री के बीच किन मुद्दों पर बातचीत हुई, इसका विस्तृत ब्यौरा फिलहाल सामने नहीं आया है।
सड़क चौड़ीकरण की जद में आया मंदिर
उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत कंठाल चौराहे से छत्री चौक तक सड़क चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है। इसी मार्ग पर करीब 170 साल पुराना बताया जा रहा खड़े हनुमान मंदिर सड़क की जद में आ रहा है। प्रशासन ने मंदिर को दूसरी जगह शिफ्ट करने की योजना बनाई है।
कार्रवाई के दौरान मंदिर का बाहरी ढांचा हटा दिया गया, लेकिन अंदर स्थापित हनुमानजी की प्रतिमा को हटाने के प्रयास सफल नहीं हुए। प्रतिमा हटाने के लिए भारी मशीनों और हाइड्रोलिक क्रेन का इस्तेमाल किया गया, लेकिन कई प्रयासों के बाद भी प्रतिमा अपनी जगह से नहीं हिली। इसके बाद श्रद्धालुओं और संत समाज ने विरोध शुरू कर दिया।
फिलहाल रोकी गई प्रतिमा हटाने की कार्रवाई
विरोध बढ़ने के बाद प्रशासन ने प्रतिमा हटाने की कार्रवाई फिलहाल रोक दी है। प्रशासन के अनुसार विशेषज्ञों की वैज्ञानिक जांच और संत समाज व स्थानीय प्रतिनिधियों की सहमति के बाद ही आगे कोई निर्णय लिया जाएगा। बिना सहमति के प्रतिमा नहीं हटाने की बात भी कही गई है।
हालांकि, प्रतिमा की तकनीकी जांच को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। सोमवार को सामने आई जानकारी के मुताबिक, आईआईटी इंदौर ने खड़े हनुमान मंदिर की जांच के लिए अपनी टीम भेजे जाने की खबर का खंडन किया है।
उमा भारती ने पत्र में दिया था वैकल्पिक रास्ते का सुझाव
उमा भारती ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लिखे पत्र में कहा था कि वे स्वयं उज्जयिनी के हैं और शहर के धार्मिक स्थलों की गरिमा को बेहतर तरीके से समझते हैं। उन्होंने कहा था कि विकास और आस्था को आमने-सामने खड़ा करने के बजाय ऐसा रास्ता निकाला जाना चाहिए, जिसमें दोनों का सम्मान हो।
उमा भारती ने भोपाल के कमला पार्क/बुर्ज वाली मस्जिद का उदाहरण भी दिया था। उन्होंने कहा था कि शिवराज सिंह चौहान सरकार के समय सड़क चौड़ीकरण की योजना में धार्मिक स्थल को बचाने के लिए सड़क का रूट और डिजाइन बदल दिया गया था। इसी तरह उज्जैन में भी वैकल्पिक रास्ते या डिजाइन पर विचार किया जा सकता है।
यह भी पढ़े : दो IAS अधिकारियों के खिलाफ हाईकोर्ट से गिरफ्तारी वारंट, 21 सितंबर को पेश करने के निर्देश
CM-उमा की मुलाकात के बाद फैसले पर नजर
खड़े हनुमान मंदिर को लेकर उज्जैन में विरोध और धार्मिक आयोजन चल रहे हैं। श्रद्धालु प्रतिमा को उसी स्थान पर रखने की मांग कर रहे हैं। इसके लिए हनुमान चालीसा, सुंदरकांड और हस्ताक्षर अभियान भी चलाए गए हैं।
इस बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उमा भारती के निवास पहुंचना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब नजर इस बात पर है कि सड़क चौड़ीकरण के लिए कोई वैकल्पिक रास्ता निकाला जाता है या विशेषज्ञों की रिपोर्ट और संत समाज की सहमति के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाता है।

