Monday, November 23, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
HomeUncategorizedकलेक्टर आदित्य सिंह ने पुलिस-राजस्व अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश, नशे...

कलेक्टर आदित्य सिंह ने पुलिस-राजस्व अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश, नशे के कारोबार पर रोक और सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर

बालाघाट: जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने और सड़क हादसे रोकने के लिए कलेक्टर आदित्य सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। इसमें एसपी मलय जैन, एएसपी नितेश भार्गव, सीएसपी अभिषेक सिर्रा, संयुक्त कलेक्टर सुधीर जैन सहित सभी एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

अपराधियों पर होगी सख्त कार्रवाई

कलेक्टर ने हर माह अनुभाग स्तर पर पुलिस-राजस्व की संयुक्त बैठक करने के निर्देश दिए। बीएनएस की धारा 129 और 126 के मामलों में तुरंत कार्रवाई कर बाउंड ओवर और जिला बदर की कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने चेतावनी दी कि आपराधिक घटनाओं की सूचना न देने वाले या पुलिस को सहयोग न करने वाले कोटवारों को पद से हटाया जाएगा। हाईमास्ट लाइट और सुरक्षा सामग्री के प्रस्तावों पर तुरंत कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।

एसपी मलय जैन ने बताया कि सभी नगरीय क्षेत्रों में जनसहयोग से सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे, जिससे अपराधों पर निगरानी और रोकथाम में मदद मिलेगी।

नशे के कारोबार पर विशेष अभियान

बैठक में नारकोटिक्स और मादक पदार्थों की तस्करी पर विस्तार से चर्चा हुई। स्कूल-कॉलेजों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशामुक्ति अभियान चलाने पर जोर दिया गया। बताया गया कि रामपायली, चांगोटोला, लांजी और परसवाड़ा में हाल में मादक पदार्थ जब्त कर प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

सात ब्लैक स्पॉट पर नहीं हुई कोई दुर्घटना

जिले के सात ब्लैक स्पॉट – अर्जुन नाला, मिरेगांव, कनकी, खुरसोडी, किरनापुर में डॉ. बाकट के घर के पास, डोंगरिया में आरटीओ कार्यालय के पास और खरखड़ी – पर किए गए उपायों से 2026 में अब तक कोई हादसा दर्ज नहीं हुआ।

प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत सड़क हादसे में घायल के इलाज के लिए 7 दिन में अस्पताल को अधिकतम 1.50 लाख रुपये दिए जाते हैं। इसके क्रियान्वयन में बालाघाट प्रदेश में पहले स्थान पर है। हिट एंड रन के 23 प्रकरणों में से 11 में राहत राशि स्वीकृत हो चुकी है, 12 लंबित हैं। राहवीर योजना के तहत 11 प्रकरण भेजे गए हैं।

स्कूल बसों में लापरवाही पर मान्यता होगी निरस्त

निजी स्कूल बसों और बच्चों को ले जाने वाले निजी वाहनों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने डीटीओ को सघन जांच के निर्देश दिए और कहा कि मानकों का पालन न करने वाले स्कूलों की मान्यता निरस्त की जाएगी। मजदूरों को ले जाने वाले पिकअप वाहनों की जांच भी होगी।

नगर पालिका के खुले कचरा वाहनों से सड़क पर कचरा गिरने, भटेरा रेल ओवरब्रिज के डायवर्सन पर ट्रैफिक व्यवस्था, कालीपुतली चौक सहित प्रमुख स्थानों पर पार्किंग, डेंजर रोड पर रात में लाइट, बैहर में महिला चिकित्सक की पदस्थापना और सभी चिकित्सकों की मेडलेपार आईडी बनाने पर भी चर्चा हुई।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन