बालाघाट: धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने की मांग अब सड़कों से रेल की पटरियों तक पहुंच गई है। किसानों से किए गए वादे को पूरा कराने के लिए किसान गर्जना संगठन ने 23 नवंबर को रेल रोको आंदोलन का ऐलान कर दिया है। संगठन का कहना है कि सरकार ने चुनाव के समय किसानों को 3100 रुपये समर्थन मूल्य देने की गारंटी दी थी, लेकिन अब तक वह वादा अधूरा है। इसी वादाखिलाफी के खिलाफ किसान अब आंदोलन की राह पर उतरने जा रहे हैं।
मोदी की गारंटी में था वादा – संगठन
दरअसल, शुक्रवार को बालाघाट स्थित स्थानीय सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान किसान गर्जना संगठन के पदाधिकारियों ने आंदोलन की जानकारी दी। संगठन ने कहा कि किसानों को धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल देने का वादा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी में शामिल था, लेकिन अब तक इस वादे को पूरा नहीं किया जा रहा है। संगठन ने इसे किसानों के साथ वादाखिलाफी बताते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
यह भी पढ़ें: कलेक्टर एवं एसपी ने खर्रा में चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, पानी-सड़क और पट्टा निरस्त करने की उठी मांग
23 नवंबर को होगा रेल रोको
पत्रकार वार्ता में संगठन ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना चाहिए, ताकि खेती-किसानी आर्थिक रूप से लाभकारी बन सके। धान उत्पादक किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य देने की गारंटी के बावजूद इस दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाए जाने से किसानों में नाराजगी है। संगठन का कहना है कि चुनाव के दौरान किसानों से किए गए वादों को पूरा करना सरकार की जिम्मेदारी है।
किसान गर्जना संगठन ने अपनी मांगों को लेकर 23 नवंबर को रेल रोको आंदोलन करने की घोषणा की है। संगठन का उद्देश्य आंदोलन के माध्यम से किसानों की आवाज सरकार तक पहुंचाना और धान के समर्थन मूल्य को लेकर किए गए वादे पर जवाबदेही तय करने की मांग उठाना है।

