शिक्षक को खुलेआम कलेक्टर ने जूते मारने की धमकी, वीडियो हुआ वायरल

शेयर करे

विदिशा। कलेक्टर जो जिले का सबसे जिम्मेदार पद होता है यदि वही अभद्रता और अमानवीयता करने लगे तो मर्यादा की उम्मीद और किसी से क्या ही की जाए? सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे विदिशा जिला कलेक्टर के वीडियो से तो यही जाहिर हो रहा है। दरअसल कलेक्टर अंशुल गुप्ता निरीक्षण के दौरान शिक्षक को धमकाते हुए कह रहे दो जूते मारूंगा तुमको मैं…! इस तरह की भाषाशैली ने जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
जिले की गंजबासौदा तहसील अंतर्गत ग्राम उदयपुर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उल्लेखनीय है कि यहां कलेक्टर अंशुल गुप्ता शासकीय छात्रावास का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। जहां बच्चों को न पाकर कलेक्टर का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने अधीक्षक व शिक्षक को कड़ी फटकार लगाई और अपशब्द तक कह डाले। जबकि कलेक्टर गुप्ता यह भूल गए कि उन्होंने ही शीतलहर के चलते पहली से पांचवीं तक के बच्चों की छुट्टियां का आदेश जारी किया था, इस कारण हॉस्टल खाली था।
कलेक्टर की करतूत कैमरे में हुई कैद
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अभद्र भाषा का उपयोग किया, वह कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि वे शिक्षक से सम्मानीय कलेक्टर साहाब कहते हैं कि दो जूते मारूंगा तुमको मैं…!. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में चर्चा का विषय बन गया।
कलेक्टर को गलती का हुआ एहसास
मामला जैसे ही सोशल मीडिया पर आया और जो तूल पकड़ा, फिर क्या था चारों तरफ कलेक्टर अंशुल गुप्ता की भाषाशैली और कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लग। तब कहीं जाकर गुप्ता जी को यह जान पड़ा कि मैने तो गलत बोल दिया…! फिर उन्होंने माफी मांग ली। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान मेरे मुंह से कुछ शब्द निकल गए, जिसके लिए मैं खेद व्यक्त करता हूं. हालांकि खेद जताने के बावजूद यह वीडियो प्रशासनिक संवेदनशीलता और अधिकारियों के व्यवहार पर गहरे सवाल छोड़ ही गया।