बालाघाट: जिले के बैगा आदिवासी बच्चों की मौत का मामला लगातार गरमाता ही जा रहा है। इसे लेकर मंगलवार, 15 सितंबर 2026 को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, मध्य प्रदेश आदिवासी विकास परिषद के अध्यक्ष व विधायक विक्रांत भूरिया सहित कई बड़े आदिवासी नेता बालाघाट पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। अंबेडकर चौक पर विशाल आमसभा के पश्चात जिला प्रशासन को मांग पत्र भी सौंपा। इसके साथ ही मृतक आदिवासी बच्चों के परिजनों से भी स्थानीय सर्किट हाउस में उन्होंने मुलाकात की।
वहीं, स्थानीय सर्किट हाउस में वार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि जितने भी भ्रष्टाचार हो रहे हैं, उनमें भाजपा के नेता शामिल हैं। इसके साथ ही अवैध शराब हो या शराब के मामले में जो ठेके हैं, उनमें भाजपा के नेता ही शामिल हैं। इन बैगा आदिवासी बच्चों के मामले में सरकार को जिम्मेदारी लेनी चाहिए, जिससे सरकार बच रही है। इसके साथ ही प्रदेश सरकार ने अपनी छवि को साफ-सुथरा और व्यवस्था अच्छी बताने के लिए भोपाल से इन्फ्लुएंसरों को बालाघाट भेजा।
बैगा आदिवासी बच्चों को पर्याप्त सुविधा नहीं मिल पाई। उन्हें अच्छी स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल पाई, जिसके चलते उनकी मौत हुई। बैगा आदिवासी बच्चे कुपोषण का शिकार हो रहे हैं। सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए। सरकारी आंकड़े ही बताते हैं कि प्रदेश में कुपोषण की क्या स्थिति है। बालाघाट में 32 बैगा आदिवासी बच्चों की मौत हो गई, सागर में जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत हो गई, छिंदवाड़ा में भी मौत हुई। कुल मिलाकर सरकार अपनी नाकामी छुपा रही है।
वहीं, अंबेडकर चौक में आमसभा के दौरान परसवाड़ा विधायक मधु भगत, वारासिवनी विधायक विवेक पटेल, बैहर विधायक व कांग्रेस कमेटी जिला अध्यक्ष संजय सिंह उईके सभी ने भाजपा सरकार पर कई गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बालाघाट के चावल हेराफेरी कांड में भाजपा के नेता शामिल हैं। इसके साथ ही बैगा आदिवासी बच्चों की मौत के मामले में भी भाजपा सरकार ही जिम्मेदार है। इस मामले में जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जानी चाहिए, पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
वहीं, मध्य प्रदेश आदिवासी विकास परिषद के अध्यक्ष व विधायक विक्रांत भूरिया ने कहा कि छोटे से लेकर बड़े बैगा आदिवासी बच्चों की जिंदगी शुरू होने से पहले ही खत्म हो गई और यह सिर्फ सरकार की नाकामी की वजह से हुई। उसी नाकामी को छुपाने के लिए इन्फ्लुएंसरों को बालाघाट भेजा, जिन्होंने बैगा आदिवासियों की संस्कृति पर सवाल खड़े कर दिए। वे जानते ही नहीं हैं कि बैगा आदिवासी की संस्कृति क्या है। आज इन्हीं बैगा आदिवासियों की वजह से जंगल बचा हुआ है और प्रकृति को यह पीढ़ी देख पा रही है। उन्होंने भाजपा सरकार पर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बालाघाट जिले में बैगा आदिवासी बच्चों की मौत हुई, लेकिन उनको पहले ही अगर स्वास्थ्य सुविधा और पोषण आहार मिल जाता तो आज वे बच्चे हमारे बीच में होते। लेकिन सिर्फ नाकामी की वजह से उनकी मौत हुई।

