उमरिया: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की प्रसिद्ध बाघिन डॉटी की मौत से वन्यजीव प्रेमियों में मायूसी छा गई है। मानपुर बफर रेंज के मझखेता बीट में गश्त के दौरान बाघिन का शव मिला। डॉटी के लगभग 15 से 16 माह के दो शावक अब मां से अलग होकर जंगल में विचरण कर रहे हैं। वन विभाग दोनों शावकों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।
गश्त के दौरान मिला शव
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि 9 अक्टूबर को हाथियों की मदद से गश्त के दौरान दोपहर बाद मादा बाघ का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के निर्धारित SOP के अनुसार घटनास्थल को घेरकर सुरक्षित किया गया।
डॉग स्क्वाड से कराई गई जांच
शाम को डॉग स्क्वाड की मदद से मृत बाघिन और आसपास के क्षेत्र की सघन जांच कराई गई। इस दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि सामने नहीं आई।
पोस्टमार्टम में प्राकृतिक मौत की आशंका
10 अक्टूबर को सक्षम वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी और विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी के दल ने वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम किया। पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई। जांच के लिए नमूने एकत्र कर विभिन्न प्रयोगशालाओं में भेजे जा रहे हैं। वन विभाग के अनुसार, प्रथम दृष्टया मौत का कारण प्राकृतिक पाया गया है।
यह भी पढ़ें: पनामा में 7.7 तीव्रता का भूकंप, दूसरा झटका भी आया; इमारतें गिरने की खबर
शावकों पर रखी जा रही नजर
डॉटी की मौत के बाद उसके दोनों शावकों की सुरक्षा महत्वपूर्ण हो गई है। प्रबंधन उनके विचरण पर लगातार नजर रख रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर आवश्यक कदम उठाए जा सकें। बाघिन की मौत से बांधवगढ़ के वन्यजीव प्रेमियों में शोक का माहौल है।

