भोपाल: मध्यप्रदेश भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभियान की जानकारी दी। अभियान के तहत प्रदेश के करीब 71 हजार बूथों पर दीपोत्सव, स्कूलों में प्रतियोगिताएं, आंगनवाड़ियों में कार्यक्रम और शक्ति केंद्रों पर सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि अभियान के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और उनके कार्यकाल में देश व मध्यप्रदेश में हुए बदलावों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
71 हजार बूथों पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीप’
17 सितंबर को शाम 7 बजे अभियान की शुरुआत होगी। प्रदेश के करीब 71 हजार बूथों पर लाभार्थियों के घरों में ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाया जाएगा। सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले प्रमुख स्थानों पर भी दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा।
स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’
सरकारी और निजी स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम होंगे। इसमें चित्रकला, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विकसित भारत की संकल्पना को लेकर स्कूल, ब्लॉक और जिला स्तर पर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
वहीं ‘नमो सेवा अनकही कहानी’ के तहत प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन और उनके कार्यों पर 10 से 15 मिनट की नाट्य प्रस्तुतियां चौक-चौराहों और विभिन्न संस्थानों में होंगी। 2 अक्टूबर को भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
97 हजार से ज्यादा आंगनवाड़ियों में ‘आंगन मिलन’
प्रदेश की 97 हजार से ज्यादा आंगनवाड़ियों में तीन दिन तक ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम चलेगा। इसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान किया जाएगा। बच्चों और माताओं को पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
11,400 शक्ति केंद्रों पर बताएंगे बदलाव
भाजपा के करीब 11,400 शक्ति केंद्रों पर ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम आयोजित होगा। छोटी झांकियों और प्रस्तुतियों के जरिए देश में हुए बदलावों की जानकारी दी जाएगी। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और केंद्र सरकार के 12 वर्ष के कार्यकाल में हुए बदलावों को प्रमुखता से बताया जाएगा।
खंडेलवाल ने कहा कि अभियान शासन और समाज के मिलकर काम करने की भावना पर आधारित है। इसमें सेवा गतिविधियों के साथ सरकार के कामकाज और योजनाओं के प्रभाव की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी।
MP में बनेंगे 6 एक्सप्रेस-वे
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में छह एक्सप्रेस-वे बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पीथमपुर से मुंबई तक आठ लेन का एक्सप्रेस-वे तैयार है।
मुख्यमंत्री ने भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव और 7.8 प्रतिशत आर्थिक विकास दर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के सफर में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं।
डॉ. यादव ने सागर में अपराधी के एनकाउंटर और उसके बाद मकान तोड़े जाने की कार्रवाई का भी जिक्र किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वे शुक्रवार को इंदौर जाएंगे, जहां मध्यप्रदेश में सुगम परिवहन सेवा शुरू करने की दिशा में आयोजित कार्यशाला में शामिल होंगे।

