दिल्ली सरकार का बड़ा ऐलान: CAG रिपोर्ट होगी सदन में पेश,  भ्रष्टाचार पर लिया जाएगा कड़ा एक्शन

शेयर करे

दिल्ली। दिल्ली में कथित तौर पर शिक्षकों की नियुक्ति और ड्यूटी को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम पर दिल्ली सरकार ने सख्त रुख अपनाया। मामले पर शिक्षा मंत्री आशीष शुद्ध और कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साफ कहा कि- डायरेक्टरेट ऑफ एजुकेशन ने शिक्षकों को किसी भी तरह की अतिरिक्त ड्यूटी सौंपने का कोई आदेश जारी नहीं किया है।

सरकार ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी जानबूझकर झूठ और भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह कर रही है। मंत्रियों ने चुनौती देते हुए कहा कि- अगर शिक्षकों से जुड़ा कोई आदेश है तो AAP उसे सार्वजनिक करे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया गया कि डायरेक्टरेट ऑफ एजुकेशन द्वारा जो सर्कुलर जारी किए गए हैं, वे स्कूलों और स्टेडियमों में आवारा कुत्तों की रोकथाम और सुरक्षा उपायों से जुड़े हैं। इन सर्कुलरों के तहत स्कूलों, स्टेडियमों और कार्यालय प्रमुखों को जिम्मेदारी दी गई है।

दिल्ली विधानसभा में पेश होगी CAG रिपोर्ट

कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि- 5 जनवरी से शुरू होने वाले दिल्ली विधानसभा सत्र में CAG की अहम रिपोर्ट पेश की जाएगी। इस रिपोर्ट में शीश महल से जुड़े खर्च और अनियमितताएं, दिल्ली जल बोर्ड में हुई गड़बड़ियां और दिल्ली की यूनिवर्सिटीज़ और हायर एजुकेशन में हुई अनियमितताएं को सार्वजनिक किया जाएगा।

भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस

सरकार ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि कोई भी अधिकारी अगर भ्रष्टाचार या रिश्वत में लिप्त पाया गया तो उस पर सख्त कार्रवाई होगी। अब केजरीवाल सरकार जा चुकी है। जनता के साथ लेनदेन करने की पुरानी आदतें अब नहीं चलेंगी।

पर्यावरण और प्रदूषण पर भी सरकार लाएगी प्रस्ताव

प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी बताया गया कि- आगामी विधानसभा सत्र में पर्यावरण और प्रदूषण पर विशेष प्रस्ताव लाया जाएगा, जिस पर सदन में व्यापक चर्चा होगी।दिल्ली की जनता ने बदलाव चुना है, जो रेखा सरकार कर रही है। सरकार ने दो टूक कहा कि- दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी को नकार दिया है, और अब रेखा सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है। झूठ, भ्रम और राजनीतिक बयानबाज़ी के बजाय अब जवाबदेही और कार्रवाई का दौर शुरू हो चुका है।