बांग्लादेश हिंसा पर बोले धीरेंद्र शास्त्री- “हिंदू एक नहीं हुए तो भारत में भी होंगे ऐसे हालात”

शेयर करे

मुंबई। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों और वहां के मौजूदा हालातों को लेकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बड़ा बयान सामने आया है। मुंबई में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने हिंदुओं की सुरक्षा, एकता और संस्कारों को लेकर गहरी चिंता जताई। उन्होंने बांग्लादेश की स्थिति का हवाला देते हुए चेतावनी दी कि यदि हिंदू समाज अब भी एकजुट नहीं हुआ, तो भविष्य में भारत में भी ऐसे ही भयावह हालात पैदा हो सकते हैं।

माता-पिता को दिया कड़ा संदेश

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मंच से माता-पिता से अपील करते हुए कहा कि- मैं हाथ जोड़कर प्रार्थना करता हूँ कि आप अपने बच्चों को व्यापार और धन-दौलत दें या न दें, लेकिन उनमें सनातन संस्कार जरूर पैदा करें। बिना संस्कारों के आने वाली पीढ़ी अपनी संस्कृति की रक्षा नहीं कर पाएगी। प्रवचन के दौरान बागेश्वर बाबा ने युवाओं को नशा, भटकाव और गलत रास्तों से दूर रहने की सलाह दी और संस्कारों से जुड़ने का संदेश दिया।

हिंदू राष्ट्र की आवश्यकता पर जोर

प्रवचन के दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने ‘हिंदू राष्ट्र’ की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए हिंदू समाज का संगठित होना अनिवार्य है। कार्यक्रम कथावाचक ने सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। भगवा वस्त्र धारण कर, तिलक लगाए संत ने श्रद्धालुओं को धर्म के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि- सनातन संस्कृति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सत्य, सेवा और संयम पर आधारित जीवन जीने की एक पद्धति है।

भक्तिमय माहौल में हुआ कार्यक्रम

मंच के चारों ओर फूलों की भव्य सजावट की गई थी, जिससे पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में मौजूद रहे और पूरे ध्यान से प्रवचन सुना। इस दौरान जयकारों और तालियों से माहौल गूंजता रहा। कार्यक्रम के समापन पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सभी श्रद्धालुओं के कल्याण, सुख-समृद्धि और मंगल भविष्य की कामना की।

आयोजकों के अनुसार, इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं और लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हैं।