मुंबई: नीम करोली बाबा पर बनी फिल्म हनुमान अंश बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने 44 दिनों में वर्ल्डवाइड 329.30 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। इसी बीच डायरेक्टर डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने अपनी अगली फिल्म राम बोला को लेकर बड़ा ऐलान किया है।
‘हनुमान अंश’ की सफलता के बीच निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी अब महान कवि और संत गोस्वामी तुलसीदास के जीवन को बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी कर रहे हैं। उनकी अगली फिल्म का नाम राम बोला होगा। निर्देशक ने संकल्प लिया है कि इस फिल्म से होने वाली 100 प्रतिशत कमाई ‘सेवा संकल्प अभियान’ में दान की जाएगी।
तुलसीदास के जीवन पर बनेगी ‘राम बोला’
‘राम बोला’ की कहानी गोस्वामी तुलसीदास के जीवन पर आधारित होगी। फिल्म में उनके जीवन, आध्यात्मिक यात्रा और भगवान राम के प्रति उनकी भक्ति को दिखाए जाने की उम्मीद है। फिल्म की घोषणा के बाद अब इसकी कमाई को दान करने के फैसले ने भी लोगों का ध्यान खींचा है।
हनुमान अंश ने कमाए 329 करोड़ रुपये
इससे पहले डॉ. विशाल चतुर्वेदी की ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल की है। फिल्म ने रिलीज के 44 दिनों में भारत में 258.13 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 329.30 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
फिल्म को लेकर 12,806.50 प्रतिशत प्रॉफिट का दावा भी किया जा रहा है। हालांकि, इस प्रतिशत की गणना फिल्म के बताए गए बजट और कमाई के आधार पर निर्भर करती है।
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी का BJP पर हमला: बोले- छात्रों के हॉस्टल के लिए पैसा नहीं, दीया जलाने के लिए है?
हनुमान अंश की कमाई पर नहीं हुआ ऐसा ऐलान
दिलचस्प बात यह है कि ‘राम बोला’ की 100 प्रतिशत कमाई दान करने की घोषणा की गई है, लेकिन ‘हनुमान अंश’ की कमाई को दान करने को लेकर निर्देशक की ओर से ऐसी कोई घोषणा सामने नहीं आई है।
दर्शकों की नजर ‘राम बोला’ पर है। तुलसीदास के जीवन पर बनने वाली यह फिल्म पर्दे पर कैसी कहानी पेश करती है और इसके निर्माण से जुड़ी बाकी जानकारियां कब सामने आती हैं, इसका इंतजार रहेगा।

