रतलाम :मध्य प्रदेश की रतलाम पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्यवाही कर ही रही है। वहीं तस्करी से कमाई गई अवैध संपत्तियों पर भी रतलाम पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। रतलाम पुलिस ने मुंबई के साफेमा कोर्ट में 141 करोड़ रुपए की तस्करों की अवैध संपत्तियों के प्रकरण पेश किए थे जिसमें से अब तक 34 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति को फ्रीज करने के आदेश जारी हो चुके हैं। वहीं, मादक पदार्थों की तस्करी में पकड़े जा रहे हैं आरोपियों की संपत्तियों की जानकारी भी रतलाम पुलिस जुटा रही है।
ड्रग्स तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई
दरअसल बीते दिनों ही रतलाम पुलिस ने तस्करी के मामले में पकड़े गए दो आरोपियों की करीब 1 करोड़ रुपए मूल्य की अवैध प्रॉपर्टी को फ्रीज करवाने में सफलता प्राप्त की है. साफेमा (Smugglers and Foreign Exchange Manipulators Forfeiture of Property Act) के अंतर्गत नशीले पदार्थों की तस्करी कर अर्जित की गई वह सभी चल अचल संपत्ति राजसात की जा सकती है जो आरोपी द्वारा अवैध रूप से बनाई की गई हैं।
34 करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति फ्रीज
रतलाम एडिशनल एसपी विवेक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि, जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध रतलाम पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। केवल तस्करों के विरुद्ध गिरफ्तारी एवं वैधानिक कार्रवाई तक सीमित न होते हुए रतलाम पुलिस नशे के अवैध कारोबार से अर्जित आय एवं उससे निर्मित संपत्तियों को चिन्हित कर प्रकरण साफेमा कोर्ट में पेश कर रही है। वर्ष 2025 में 55 करोड़ रुपए की संपत्तियों के प्रकरण पेश किए गए थे 2026 में 86 करोड रुपए की अवैध संपत्तियों के प्रकरण मुंबई स्थित साफेमा कोर्ट में पेश किए गए थे। जिसमें से 34 करोड़ रुपए की संपत्ति को फ्रीज करने के आदेश न्यायालय द्वारा मिल चुके हैं।
ये भी पढे:एकतरफा प्यार में सनकी ने युवती के घर दागा पेट्रोल बम, शादी से किया था इनकार
संपत्ति फ्रीज करवाने में रतलाम मध्य प्रदेश में अव्वल
गौरतलब है कि, रतलाम पुलिस साफेमा के अंतर्गत संपत्ति फ्रीज करवाने के मामले में मध्य प्रदेश में अव्वल नंबर पर है. वहीं, ड्रग तस्करी के नए मामलों में पकड़े गए आरोपियों की अवैध संपत्तियों की जानकारी भी रतलाम पुलिस द्वारा जुटाई जा रही है. जिनके प्रकरण साफेमा के अंतर्गत पेश किए जाने की तैयारी की जा रही है.

