बालाघाट | जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के खिलाफ जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट कर दिया है कि अब उनका विरोध केवल ज्ञापन और बैठकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सीईओ को हटाए जाने तक आंदोलन जारी रहेगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सरस्वार ने बताया कि जिला पंचायत की कार्यकारिणी ने इस मामले को लेकर आगे की रणनीति तैयार कर ली है। सबसे पहले मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया जाएगा और सीईओ को हटाने की मांग रखी जाएगी। यदि इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती है तो जिला पंचायत परिसर के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
यह भी पढे सरकार चल रही है या पदों की नीलामी? जीतू पटवारी का मोहन सरकार पर बड़ा हमला
जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि मुख्य कार्यपालन अधिकारी की कार्यशैली के कारण जिला पंचायत के कार्य प्रभावित हो रहे हैं और निर्वाचित प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। इसी कारण लंबे समय से असंतोष की स्थिति बनी हुई है। अध्यक्ष सम्राट सरस्वार ने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को हटाया नहीं जाता, तब तक उनका विरोध, प्रदर्शन और आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत के अधिकांश जनप्रतिनिधि इस मुद्दे पर एकजुट हैं और अब आर-पार की लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया गया है।जिला पंचायत में सीईओ को लेकर बढ़ते विरोध के बीच आने वाले दिनों में यह मामला और अधिक गरमा सकता है।
फिलहाल सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि मुख्यमंत्री स्तर पर होने वाली संभावित मुलाकात के बाद शासन इस मामले में क्या निर्णय लेता है।

