विदिशा: जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने नटेरन तहसील के दुलई गांव में बड़ी कार्रवाई की। बरसाती नदी के किनारे कथित तौर पर अवैध शराब तैयार की जा रही थी। टीम को देखकर कुछ लोग नदी में कूदकर भागने लगे तो आबकारी जवानों ने भी नदी में छलांग लगाकर उनका पीछा किया।
आबकारी विभाग के अनुसार पिछले आठ दिनों में अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में 82 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 449 लीटर कच्ची मदिरा और 9,425 किलो महुआ लहान सहित देशी और विदेशी मदिरा जब्त की गई है।
नदी-नालों के किनारे बनाए थे शराब बनाने के ठिकाने
जिला आबकारी अधिकारी विकास त्रिपाठी को सूचना मिली थी कि ग्राम दुलई में बड़े स्तर पर अवैध शराब तैयार कर बेचने का काम किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद आबकारी विभाग के एसआई संजय इवने और रविशंकर धाकड़ के साथ करीब 15 जवानों की टीम मौके पर भेजी गई।
टीम को देखकर कुछ लोग नदी की तरफ भागे और पानी में कूद गए। उन्हें पकड़ने के लिए आबकारी जवानों को भी नदी में उतरना पड़ा। विभाग को जानकारी मिली थी कि नदी और नालों के किनारे एकांत स्थानों पर ठिकाने बनाकर अवैध शराब तैयार की जा रही है।
8 दिन में 82 केस, बड़ी मात्रा में शराब जब्त
आबकारी विभाग के मुताबिक पिछले आठ दिनों में अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई है। इस दौरान कुल 82 प्रकरण दर्ज किए गए।
अभियान में 85.68 बल्क लीटर देशी मदिरा, 3.6 लीटर विदेशी मदिरा, 449 लीटर कच्ची मदिरा और 9,425 किलोग्राम महुआ लहान जब्त किया गया है।
शराब के सैंपल जांच के लिए FSL सागर भेजे
अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन, संग्रहण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला आबकारी अधिकारी विकास त्रिपाठी के मुताबिक निरीक्षण के दौरान जब्त की गई मदिरा के नमूने जांच के लिए FSL सागर भेजे गए हैं।
यह भी पढ़े: भोपाल सीलिंग केस: SC में टली सुनवाई, 62 हजार प्रतिष्ठानों पर लटकी तलवार
कई इलाकों में आबकारी-पुलिस की दबिश
अभियान के तहत आबकारी और पुलिस की संयुक्त टीमों ने विदिशा, गंजबासौदा, सिरोंज, कुरवाई और लटेरी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।
विदिशा शहर के अलावा शेरपुराटीला, दुलई, पैगयाई, साडेर, बाडेर, जेल रोड बासौदा स्थित कंजर टपरे, बेतवा नदी किनारे, त्योंदा, आटासेमर, बागरोद, रूसिया, कुरवाई, माताबाग, खिरिया बागड़ी, नयापुरा, रामनगर, झागर, रायसाहब के टपरे, शालाखेड़ी और उनारसीकला सहित कई जगहों पर कार्रवाई की गई।

