50 हजार में रची गई फर्जी गैंगरेप की साजिश, जीजा‑साली समेत पांच गिरफ्तार

शेयर करे

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में जमीन विवाद के चलते फर्जी सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। भू‑माफियाओं ने 50 हजार रुपये देकर महिला से झूठी शिकायत करवाई, जिसमें पांच निर्दोष युवक फंसा दिए गए।
झारखंड के रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र से सामने आया फर्जी गैंगरेप का मामला पुलिस जांच में बड़ा खुलासा बनकर उभरा है। जमीन विवाद में भू‑माफियाओं ने साजिश रचते हुए एक महिला से पांच निर्दोष युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का झूठा आरोप लगवाया और पुलिस में मामला दर्ज करा दिया। इस साजिश की कीमत महज 50 हजार रुपये तय की गई थी।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी पांचों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, जांच के दौरान कई तथ्यों ने कहानी पर सवाल खड़े कर दिए। पुलिस ने जब आरोपियों के मोबाइल फोन की लोकेशन खंगाली, तो वह कथित घटनास्थल से मेल नहीं खाई। इससे संदेह गहराया और महिला नसीहा खातून से सख्ती से पूछताछ की गई।
पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि जमीन विवाद में भू‑माफियाओं के कहने पर उसने झूठी शिकायत दर्ज कराई थी। उसे इसके बदले 50 हजार रुपये दिए गए थे। रांची ग्रामीण एसपी प्रवीन पुष्कर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने पूरे मामले की परतें खोलीं और साजिश का पर्दाफाश किया।
पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता जमीन कारोबारी साबिर खान, महिला नसीहा खातून, उसके जीजा नसीम अहमद, इम्तियाज आलम और विक्की खान को गिरफ्तार किया है। बताया गया कि साबिर खान और उसके सहयोगियों ने चान्हो थाना क्षेत्र के जमीन विवाद में अपने विरोधियों को जेल भिजवाने के लिए यह खतरनाक योजना बनाई थी।