मथुरा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर कोहरे के चलते 7 बसें और 3 कारें आपस में भिड़ गईं। टक्कर होते ही गाड़ियों में आग लग गई। इस आग से 4 लोगों की जलकर मौत हो गई। इस हादसे में अब तक 66 लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। जिनको एम्बुलेंस की मदद से अस्पलात पहुंचाया गया। हादसे के बाद सड़क पर वाहन तिरछे खड़े हो गए, जिससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा। सूचना पर पुलिस और एनएचएआई टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात सुचारू कराया। सूत्रों के अनुसार, एक्सप्रेस-वे पर घना कोहरा था। अचानक एक बस ने रफ्तार धीमी की। इसके चलते कई वाहन एक-दूसरे से टकराते गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने दी जानकारी
प्रत्यक्षदर्शी भगवान दास ने बताया कि- टक्कर के बाद ऐसा लगा कि बम फटा हो। लोग बसों के शीशे तोड़कर बाहर कूद रहे थे। तो वही कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि – 20 एम्बुलेंस से 150 लोगों को अस्पताल भेजा गया है।
DM चंद्र प्रकाश सिंह का बयान
हादसे की जानकारी देते हुए DM चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि- हादसा थाना बलदेव क्षेत्र में माइलस्टोन 127 पर हुआ। हादसे की सूचना के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कार्य शुरू किया। फिलहाल हाईवे से मलबा हटाया जा रहा है।
एम्बुलेंस के कर्मचारी ने बताया
एम्बुलेंस के कर्मचारी अमित कुमार जानकारी देते हुए बताया कि – कितने लोग हताहत हुए, इसकी गिनती अभी नहीं की जा सकती। हादसा बहुत भयानक था। इसमें बहुत लोगों गंभीररूप से घायल हुए है, जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तो वही कुछ लोगों की आग में जलने से तत्काल ही मौत हो गई।
सीएम योगी ने लिया एक्शन
वहीं, यूपी के सीएम योगी ने तत्काल एक्शन लेते हुए अधिकारियों को मौके पर जायजा लेने के निर्देंश दिए। साथ ही मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान भी किया। इसके अलावा रोडवेज ने भी मुआवजा देने का ऐलान किया।


