छतरपुर। कहते हैं प्रेम कभी भी और किसी से भी हो सकता है। जी हां ऐसा ही एक मामला छतरपुर से सामने आया है। जहां एक मोहल्ले में रहने वाली दो युवतियों ने घर से भागकर प्रसिद्ध वागेश्वर धाम में समलैंगिक विवाह रचा लिया। इसके बाद दोनों युवतियों के परिजनों में विवाद की स्थिति बन गई और मामला थाने तक पहुंच गया। पुलिस के समक्ष युवतियों ने बताया कि दोनों बीते 5 सालों से प्रेम संबंध में हैं और एक दूसरे के बिना नहीं रह सकती हैं। परिजनों पर जबरन घर ले जाने का आरोप लगाए हैं।
छतरपुर नगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, दो युवतियों द्वारा समलैंगिक विवाह करने का दावा करने के बाद थाने में हंगामे खड़ा हो गया और स्थिति अफरा-तफरी की बन गई। मामला इतना गंभीर हो गया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बीचबचाव करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
5 सालों से कर रहीं थी आपस में प्रेम
बताया जा रहा है कि दोनों युवतियां नगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की ही रहने वाली हैं। 23 वर्षीय अंजली रैकवार जो कि बजरंग नगर की निवासी है तो दूसरी 21 वर्षीय युवती मोहिनी कुशवाहा दुर्गा कॉलोनी की रहने वाली है। इधर अंजली रैकावार का कहना है कि दोनों के बीच बीते 5 सालों से प्रेम संबंध चल रहा है। दोनों एक-दूसरे के साथ जिंदगी बिताना चाहती हैं, लेकिन परिवार वाले इस रिश्ते से खुश नहीं हैं।
बागेश्वर धाम विवाह करने का कर रही हैं दावा
युवतियों ने पुलिस को बताया कि विगत 12 जनवरी को वे घर से भागकर बागेश्वर धाम पहुंचीं, जहां उन्होंने आपसी सहमति से प्रेम विवाह कर लिया। दोनों ने यह फैसला उन्होंने पूरी समझ और अपनी मर्जी से लिया। लेकिन जबयह जानकारी मोहिनी के परिजनों को मिली तो वे इस रिश्ते को न मानते हुए भड़क गए और तुरंत थाने पहुंच गए।
थाने में हंगामा, जबरन ले जाने का आरोप
थाने में जुटी भीड़ आपस में भिड़ने लगी और माहौल गर्म हो गया और अफरा-तफरी के बीच मोहिनी के परिजन उसे जबरदस्ती घर ले जाने की कोशिश करने लगे। अंजली ने आरोप लगाया कि मोहिनी को उसकी इच्छा के खिलाफ ले जाया जा रहा था। इसी बात को लेकर सिविल लाइन थाने में जमकर हंगामा हुआ। थाने में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस ने बमुश्किल बनाई शांति
परिजनों की बढ़ती बहस और बिगड़ती स्थिति को देख पुलिस ने दोनों युवतियों को थाने में ही सुरक्षित रखा। इधर पुलिस का कहना है कि मामला बेहद संवेदनशील है, इसलिए दोनों पक्षों की बात सुनी जाएगी। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि किसी तरह का दबाव या जबरदस्ती तो नहीं की जा रही।
समलैंगिक विवाहः दो युवतियों का प्रेम-प्रसंग चढ़ा परवान की आपस में शादी, मामला पहुंचा थाने फिर खुला राज!


