सागर में भीषण सड़क हादसा, पुलिस वैन और कंटेनर की टक्कर में 4 जवान शहीद

शेयर करे

बालाघाट से ड्यूटी कर लौट रही थी टीम, वाहन काटकर निकाले गए शव
सागर। जिले के बांदरी के पास नेशनल हाईवे-44 पर बुधवार सुबह पुलिस के बीडीडीएस वाहन और तेज रफ्तार कंटेनर में आमनेदृसामने की टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि डॉग मास्टर सहित 4 पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है। टीम का डॉग सुरक्षित है।
ये सभी जवान मुरैना जिले के बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड के सदस्य थे और बालाघाट में नक्सल विरोधी अभियान के बाद वापस लौट रहे थे। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पुलिस वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और जवानों के शव वाहन को काटकर निकाले गए।
हादसे में 4 जवान शहीद, एक की हालत गंभीर
मृतकों में आरक्षक प्रधुमन दीक्षित, आरक्षक अमन कौरव, चालक परमलाल तोमर और डॉग मास्टर विनोद शर्मा है. तीनों आरक्षक मुरैना के रहने वाले हैं, जबकि डॉग मास्टर विनोद भिंड निवासी हैं। वहीं गंभीर रूप से घायल आरक्षक राजीव चौहान को स्थानीय अस्पताल में दिए गए प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
डॉग स्क्वाड पूरी तरह सुरक्षित
इस भीषण हादसे के दौरान वाहन डॉग स्क्वॉड भी मौजूद था जो कि पूरी तरह से सुरक्षित बताया जा रहा है। हादसे की प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ है कि वाहन की तेज गति होने के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और घटना घटित हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कंटेनर चालक की तलाश कर रही है।