तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी। खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) ने कुवैत और बहरीन पर हाल ही में हुए ईरानी हमलों की कड़ी निंदा की है। GCC ने इन हमलों को कायराना करार देते हुए कहा कि इससे खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता खतरे में पड़ गई है। महासचिव जासिम मोहम्मद अलबुदैवी ने कहा कि ईरान के ये कदम अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र के नियमों का उल्लंघन हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से सख्त कार्रवाई की अपील की।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी बयान दिया कि ईरान के खिलाफ कोई भी कार्रवाई उनका व्यक्तिगत निर्णय था और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उन्हें प्रभावित नहीं किया।
इधर कुवैत एयरपोर्ट पर ईरानी ड्रोन और मिसाइल हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई और 63 लोग घायल हुए। एयरपोर्ट को नुकसान पहुंचा और उड़ानों को अस्थायी रूप से रोका गया।
ईरान की चेतावनी
तेहरान ने चेतावनी दी कि यदि किसी देश की जमीन का इस्तेमाल ईरान पर हमला करने के लिए किया गया तो इसका जवाब दिया जाएगा। ट्रम्प ने यह भी कहा कि प्रस्तावित समझौते में ईरान ने परमाणु हथियार न बनाने का वादा किया है।
ट्रम्प-नेतन्याहू विवाद और लेबनान में सैन्य कार्रवाई
लेबनान में हिजबुल्लाह ने 13 हमलों का दावा किया, जबकि इजराइल ने कई इलाकों पर हवाई हमले किए और नागरिकों को अपने घर खाली करने के आदेश दिए। इस बीच, ट्रम्प ने इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू पर नाराजगी जताई और उन्हें ‘पागल’ तक कहा।

