Thursday, September 17, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsपुराने वायरल वीडियो से भी जुड़ रहे तार; पुलिस बोली- आरोपियों की...

पुराने वायरल वीडियो से भी जुड़ रहे तार; पुलिस बोली- आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी होगी

भोपाल: राजधानी के रातीबड़ थाना क्षेत्र के गोरेगांव में रियल एस्टेट कारोबारी संतोष सिंह तोमर के घर के बाहर हुई फायरिंग का मामला अब फोन पर मिली धमकियों, जमीन विवाद और पुराने वायरल वीडियो से जुड़े आरोपों के कारण गंभीर होता जा रहा है। फरियादी पक्ष का कहना है कि वारदात से पहले और बाद में उन्हें धमकाया गया था। इससे जुड़ी छह ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई हैं।

एक ऑडियो में एक व्यक्ति फरियादी से गाली-गलौज करते हुए भोपाल में काम नहीं करने की धमकी देता सुनाई दे रहा है। बातचीत के दौरान वह खुद को मुरैना निवासी सौरभ चौहान बताता है और ग्वालियर से जमीन का काम करने आने की बात कहता है। हालांकि, रिकॉर्डिंग में मौजूद आवाज और किए गए दावों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

रात ढाई बजे घर पहुंची SUV, पांच राउंड फायर करने का आरोप

60 वर्षीय कारोबारी संतोष सिंह तोमर के मुताबिक, 10 सितंबर की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे एक SUV से आधा दर्जन से अधिक लोग उनके घर पहुंचे। आरोप है कि गेट के बाहर करीब पांच राउंड फायर किए गए। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।

तोमर ने घटना के पीछे गोरेगांव निवासी लखन मारण पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में कथित अवैध प्लॉटिंग की शिकायत करने के बाद जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान उन्हें लगातार धमकियां मिलने लगी थीं।

फरियादी पक्ष का दावा है कि मामला केवल गोली चलाने तक सीमित नहीं है। घटना से पहले फोन पर धमकी दी गई थी और बाद में भी दबाव बनाने की कोशिश हुई। सामने आई छह रिकॉर्डिंग को इसी घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस ऑडियो की सत्यता, आवाज की पहचान और Call Details के जरिए बातचीत से जुड़े लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

FIR में किसी आरोपी का नाम नहीं

घटना के बाद रात करीब 2:55 बजे FRV को सूचना दी गई। फरियादी पक्ष के अनुसार, करीब 3:30 बजे वे रातीबड़ थाने भी पहुंच गए थे। हालांकि, FIR अगले दिन यानी 11 सितंबर की शाम करीब 5 बजे दर्ज हुई।

FIR में फिलहाल किसी व्यक्ति को नामजद नहीं किया गया है। मामले में SUV नंबर MP 13 ZD 5656 का भी उल्लेख सामने आया है। फरियादी पक्ष ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

रिचा ठाकुर और नितेश ठाकुर के नाम भी उठाए

फरियादी पक्ष की ओर से अब रिचा ठाकुर और नितेश ठाकुर के नाम भी लिए जा रहे हैं। आरोप है कि रिचा ठाकुर से जुड़ा एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें एक महिला के अवैध पिस्तौल से फायरिंग करने का दावा किया गया था।

यह भी बताया गया है कि मामले में जिस वाहन का जिक्र किया जा रहा है, वह रिचा ठाकुर के नाम पर पंजीकृत है। हालांकि, संबंधित SUV का इस वारदात में इस्तेमाल हुआ या नहीं और वायरल वीडियो में दिखाई दे रही महिला की पहचान क्या है, इन दावों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

यह भी पढ़े : मुस्लिम त्योहार कमेटी ने प्रशासन को चेताया, ओवैसी की आमसभा रोकने की मांग; बोले- बयानों से भोपाल की गंगा-जमुनी तहजीब को खतरा

पुलिस का दावा- जल्द होगा मामले का खुलासा

एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक, फायरिंग की जांच की जा रही है। पुलिस संदिग्धों को चिन्हित करने में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

उन्होंने पुराने वायरल वीडियो को लेकर कहा कि उस मामले में प्रकरण दर्ज किया जा चुका है और आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस फायरिंग, ऑडियो रिकॉर्डिंग, वायरल वीडियो और जमीन विवाद से जुड़े पहलुओं को जांच में शामिल कर रही है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

13 to 19 September 2026
6 to 12 September 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन