प्यार, धोका और खौफनाक अंजाम, एआई-सीसीटीवी ने खोला हत्या का राज

शेयर करे

ग्वालियर। झाड़ियों में मिली अज्ञात महिला की लाश ने पुलिस के सामने पहचान की चुनौती में डाल दिया था। लेकिन एआई तकनीक, आमलेट के टुकड़े और 150 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों ने एक खौफनाक प्रेम-प्रसंग के बाद हत्या की परतें खोल दीं, जिसमें शक ने प्यार को मौत में बदल दिया।
ग्वालियर में सामने आया यह मामला प्रेम, अविश्वास और क्रूरता की भयावह तस्वीर पेश करता है। झाड़ियों में मिली महिला की निर्वस्त्र और कुचली हुई लाश ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। पहचान तक मुश्किल थी, लेकिन पुलिस ने तकनीक के सहारे अंधे कत्ल का खुलासा कर दिया।
एआई स्केचिंग से मृतका की पहचान सुनीता पाल, निवासी टीकमगढ़ के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि उसकी हत्या उसके प्रेमी सचिन सेन ने की थी, जिससे उसका रिश्ता महज आठ-दस दिन पुराना था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को शक था कि सुनीता किसी और से बात करती है। इसी शक ने उसके मन में हिंसा को जन्म दिया। 29 दिसंबर की शाम दोनों ने साथ शराब पी, अंडे का आमलेट खाया और फिर सचिन उसे भिंड रोड स्थित कटारे फार्म की झाड़ियों में ले गया।
वहीं उसने पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए चेहरे को बुरी तरह बिगाड़ दिया और कपड़े भी हटा दिए। इसके बाद आरोपी फरार हो गया।
जांच के दौरान घटनास्थल से मिले आमलेट के टुकड़े अहम सुराग बने। पुलिस ने आसपास के ठेलों और 150 से ज्यादा सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। रूट ट्रैकिंग से आरोपी की पहचान हुई और उसे ग्वालियर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी धर्मवीर सिंह के मुताबिक, आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया है। यह मामला दर्शाता है कि शक और असुरक्षा कैसे कुछ ही दिनों में रिश्ते को हिंसा में बदल सकते हैं। साथ ही यह भी कि आधुनिक तकनीक अपराधियों के लिए बच निकलना अब आसान नहीं रहने देती।