जबलपुर। फसल बेचकर भुगतान का इंतज़ार कर रहे किसानों का धैर्य जवाब दे गया है। मजीठा वेयरहाउस में मूंग-उड़द खरीदी में कथित धांधली के बाद अब किसान आर-पार के मूड में हैं और आज ट्रैक्टरों के साथ बड़ा प्रदर्शन करने जा रहे हैं।
जबलपुर जिले के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र स्थित मजीठा वेयरहाउस के उपार्जन केंद्र में मूंग और उड़द खरीदी में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई है। किसानों का आरोप है कि फसल जमा कराने के बावजूद न तो उन्हें समय पर भुगतान मिला और न ही सही रिकॉर्ड दर्ज किया गया। प्रशासन ने मामले में कार्रवाई करते हुए 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, लेकिन किसानों का कहना है कि सिर्फ केस दर्ज होना काफी नहीं है, उन्हें तुरंत भुगतान और दोषियों की गिरफ्तारी चाहिए।
इसी मांग को लेकर आज सैकड़ों किसान ट्रैक्टरों के साथ वेयरहाउस पहुंचकर उग्र प्रदर्शन करेंगे। किसानों को अपनी फसल वेयरहाउस से वापस निकालने की भी अनुमति दी गई है, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो सकते हैं।
किसान संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन जिले से निकलकर प्रदेश स्तर तक फैल सकता है। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और अधिकारियों को मौके पर तैनात किया गया है, ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।
यह मामला एक बार फिर सरकारी उपार्जन व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
मजीठा वेयरहाउस घोटाला, किसानों का सब्र टूटा, आज सड़कों पर उतरेगा गुस्सा


