ममता का केंद्र को करारा जवाब: ‘कर्मश्री’ योजना अब महात्मा गांधी के नाम पर, VB-G RAM G बिल पर तीखा हमला

शेयर करे

कोलकाता; पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार को बड़ा झटका देते हुए राज्य की ग्रामीण रोजगार योजना ‘कर्मश्री’ का नाम महात्मा गांधी के नाम पर रखने का ऐलान किया है। यह घोषणा मनरेगा से गांधीजी का नाम हटाने वाले विवादास्पद VB-G RAM G बिल के ठीक बाद आई है, जिसे ममता ने राष्ट्रपिता का अपमान करार दिया।कोलकाता के धना धन्या ऑडिटोरियम में बिजनेस समिट को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, “केंद्र सरकार मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटा रही है, यह बहुत शर्मनाक है। राष्ट्रपिता को भूलना देश के लिए दुखद है। अगर केंद्र सम्मान नहीं दे सकता, तो पश्चिम बंगाल देगा। हम ‘कर्मश्री’ योजना को महात्मा गांधी के नाम से जोड़ेंगे।ममता ने आगे बताया कि वर्तमान में ‘कर्मश्री’ योजना 75 दिनों का रोजगार देती है, जिसे जल्द ही 100 दिनों तक बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने केंद्र पर राज्य के फंड रोकने का भी आरोप लगाया और कहा कि बंगाल अपनी योजनाओं से ग्रामीणों को मजबूती देता रहेगा।यह ऐलान उसी दिन हुआ जब लोकसभा ने हंगामे के बीच VB-G RAM G बिल पास किया, जिस पर विपक्ष ने गांधीजी की विरासत पर हमला बताया।