मुंबई: महात्मा गांधी के किरदार में अभिनेता मनोज बाजपेयी जल्द ही पर्दे पर नजर आएंगे। निर्देशक सुधीर मिश्रा की आगामी ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म से रविवार को मनोज बाजपेयी का पहला लुक सामने आया है। तस्वीरों में अभिनेता को गांधी के रूप में पहचानना पहली नजर में मुश्किल नजर आता है।
फिल्म के First Look में मनोज बाजपेयी गंजे सिर, धोती और हाथ में लाठी के साथ दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर में वह ऊपर की ओर देखते हुए नजर आते हैं, जबकि उनके पीछे कई स्वतंत्रता सेनानी चलते दिखाई दे रहे हैं। बैकग्राउंड में ‘महात्मा गांधी अमर रहे’ लिखा एक बैनर भी नजर आता है।
21 दिनों के महत्वपूर्ण दौर पर आधारित है कहानी
सुधीर मिश्रा की यह फिल्म भारत के स्वतंत्रता संग्राम के एक कम चर्चित 21 दिनों के कालखंड पर आधारित बताई जा रही है। निर्माताओं ने अभी कहानी से जुड़ी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि, फिल्म के जरिए इतिहास के इस दौर के मानवीय और भावनात्मक पहलुओं को सामने लाने की कोशिश की जाएगी।
फिल्म में मनोज बाजपेयी के अलावा सौरभ शुक्ला भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन सुधीर मिश्रा कर रहे हैं, जिन्हें ‘हजारों ख्वाहिशें ऐसी’ और ‘धारावी’ जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है।
अनुभव सिन्हा कर रहे हैं फिल्म का निर्माण
इस अभी तक अनटाइटल्ड फिल्म का निर्माण अनुभव सिन्हा और नरेंद्र हीरावत, बनारस मीडिया वर्क्स के बैनर तले कर रहे हैं। फिल्म को NH Studioz प्रस्तुत कर रहा है। फिलहाल फिल्म के आधिकारिक नाम और रिलीज डेट की घोषणा नहीं की गई है।
यह भी पढ़े : 6 से 9 सितंबर तक UAE दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री, दुबई में ग्लोबल निवेशकों से मिलेंगे
मनोज बाजपेयी के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह जल्द ही ‘Last Man in Tower’ में नजर आएंगे। बेन रेखी के निर्देशन में बनी यह फिल्म अरविंद अडिगा के इसी नाम के उपन्यास पर आधारित है। फिल्म में बोमन ईरानी और दिव्या दत्ता भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। ‘Last Man in Tower’ 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
मनोज बाजपेयी का महात्मा गांधी के रूप में यह नया अवतार सामने आने के बाद अब फिल्म की कहानी और रिलीज को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ गई है।

