दिल्ली। राजधानी दिल्ली के बवाना इंडस्ट्रियल एरिया में कारोबारी वैभव गांधी की हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एनकाउंटर के बाद कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानें क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक 35 वर्षीय प्लास्टिक दाना निर्माता वैभव गांधी की 9 फरवरी को दोपहर करीब 12:50 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात बवाना स्थित डीएसआईडीसी इंडस्ट्रियल एरिया के सेक्टर-4 में उनके फैक्ट्री परिसर के पास हुई थी। पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार हमलावरों ने पहले कारोबारी की कार रुकवाने की कोशिश की। आरोप है कि बदमाशों ने कार की चाबी छीनने और लैपटॉप बैग लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर उन्हें नजदीक से गोली मार दी गई। घटना के बाद कारोबारी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ में एक आरोपी घायल
मामले पर उत्तरी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि- स्पेशल इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्धों को घेरा। रोकने पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। तीन आरोपियों को मौके पर पकड़ा गया, जबकि दो अन्य को बाद में गिरफ्तार किया गया। इस ऑपरेशन में पुलिस टीम सुरक्षित रही और किसी जवान को गंभीर चोट नहीं आई।
लूट था मुख्य मकसद
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर के अनुसार, गिरोह का मकसद लूटपाट था। घटना के दौरान अफरा-तफरी में चली गोली से कारोबारी की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि- कुल 7 संदिग्धों की पहचान हुई थी। अब तक 5 को गिरफ्तार किया जा चुका है। घटना के बाद गायब हुए 3 बैग में से 2 बरामद कर लिए गए हैं। साथ ही कारोबारी की कार से करीब 1 करोड़ रुपये नकद भी मिले थे।


