रीवा: विंध्य क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में 9 अगस्त का दिन ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है। रीवा एयरपोर्ट से भोपाल और कोलकाता के लिए दो नई सीधी उड़ानों का शुभारंभ किया जाएगा। इस सेवा का औपचारिक उद्घाटन भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापू राम मोहन नायडू करेंगे। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि नई उड़ानों के शुरू होने से रीवा की हवाई कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
जानकारी अनुसार, पहली फ्लाइट भोपाल से शाम 5:35 बजे उड़ान भरकर शाम 7:05 बजे रीवा पहुंचेगी। इसके बाद रीवा से शाम 7:30 बजे उड़ान भरने वाला विमान रात 9:40 बजे कोलकाता पहुंचेगा। वापसी में यह विमान कोलकाता से दोपहर 1:10 बजे रवाना होकर दोपहर 3:15 बजे रीवा पहुंचेगा। इस नई सुविधा से व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए यात्रा करने वाले लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा।
चार राज्यों की राजधानियों से जुड़ेगा रीवा
बता दें नई फ्लाइट्स के साथ रीवा अब भोपाल, रायपुर, लखनऊ और कोलकाता जैसे प्रमुख शहरों से सीधे जुड़ जाएगा। वहीं इंदौर के जरिए यात्रियों को मुंबई, दिल्ली, पुणे, हैदराबाद, जयपुर और अहमदाबाद के लिए आसान कनेक्टिंग फ्लाइट्स भी मिल सकेंगी। रीवा एयरपोर्ट ने कम समय में तेज़ी से विकास किया है।
यह भी पढ़ें-
भोपाल में रिहायशी इलाकों में चल रहे कारोबार पर सुप्रीम कोर्ट सख्त
10 नवंबर 2024 को पहली हवाई सेवा शुरू होने के बाद रीवा-इंदौर और रीवा-रायपुर रूट भी शुरू किए गए। अब तक 35 हजार से अधिक यात्री रीवा एयरपोर्ट से सफर कर चुके हैं, जो विंध्य क्षेत्र में बढ़ती हवाई सेवाओं और लोगों के भरोसे का बड़ा प्रमाण है। नई उड़ानों के शुरू होने से रीवा न सिर्फ मध्य प्रदेश बल्कि पूर्वी और मध्य भारत के प्रमुख शहरों से और अधिक मजबूती के साथ जुड़ जाएगा।

